Home » मध्य प्रदेश » भिंड में दिखा इंसान और ‘नागराज’ का अनोखा रिश्ता, करते दिखे एक दूसरे से बात!

भिंड में दिखा इंसान और ‘नागराज’ का अनोखा रिश्ता, करते दिखे एक दूसरे से बात!

MP News: भिंड में दिखा इंसान और 'नागराज' का अनोखा रिश्ता, करते दिखे एक दूसरे से बात!

MP News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर लोग दांतों तले उंगलियां दबा रहे हैं। आमतौर पर जिसे देखते ही लोग भाग खड़े होते हैं, उसी जहरीले कोबरा के साथ एक युवक न केवल अलाव ताप रहा है, बल्कि उससे बातें भी कर रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

MP News: कड़ाके की ठंड में ‘बेहोश’ मिला था कोबरा

यह वाकया भिंड के लहार इलाके का है। बताया जा रहा है कि सुबह के वक्त जब एक स्थानीय युवक सड़क से गुजर रहा था, तो उसकी नजर जमीन पर पड़े एक कोबरा पर पड़ी। ठंड की वजह से सांप पूरी तरह अचेत (सुस्त) हो चुका था। युवक को लगा कि अत्यधिक ठंड के कारण सांप की यह हालत हुई है, इसलिए उसने मानवता दिखाते हुए उसे बचाने का फैसला किया।

MP News: अलाव की गर्मी मिलते ही झूमने लगा ‘काल’

युवक सांप को उठाकर पास के एक खेत में ले गया और वहां लकड़ियां इकट्ठी कर अलाव जलाया। उसने कोबरा को आग के पास सुरक्षित दूरी पर रख दिया ताकि उसे गर्माहट मिल सके। कुछ ही देर में आग की तपिश का असर हुआ और सुस्त पड़ा सांप धीरे-धीरे होश में आने लगा। देखते ही देखते कोबरा ने अपना फन फैला लिया और युवक के बगल में ही बैठ गया।

“किसी को काटना मत…” युवक ने दी नसीहत

वीडियो का सबसे हैरान कर देने वाला हिस्सा वह है जब युवक कोबरा से संवाद करने लगता है। युवक सांप से कह रहा है, “तुम सड़क पर पड़े थे, कोई मार देता। हम तुम्हें बचाकर लाए हैं, अब तुम किसी को काटना मत। तुम्हारी लंबी उम्र है।” हैरानी की बात यह है कि कोबरा भी युवक की बातों पर प्रतिक्रिया देता नजर आ रहा है।

सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय

वीडियो में सांप जिस तरह से फन हिला रहा है, उसे देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो वह युवक की बातों को समझ रहा हो और उसका आभार जता रहा हो। इंटरनेट पर लोग इस दृश्य को अद्भुत बता रहे हैं। हालांकि, वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि सांप केवल शरीर में आई गर्मी के कारण हरकत कर रहा था, लेकिन युवक और जहरीले सांप के बीच की यह ‘दोस्ती’ चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

ये भी पढ़े…दिल्ली विधानसभा में ‘लाइव लंगूर’ अलर्ट! बंदरों से निपटने को प्रशासन की अनोखी योजना