Home » मध्य प्रदेश » MP News: धनतेरस पर किसानों को सोलर पंप पर बड़ी राहत, CM मोहन यादव ने किया 90% सब्सिडी देने का ऐलान

MP News: धनतेरस पर किसानों को सोलर पंप पर बड़ी राहत, CM मोहन यादव ने किया 90% सब्सिडी देने का ऐलान

MP News: आज धनतेरस के शुभ अवसर पर मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया है। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित किसान सम्मेलन में घोषणा की कि अब किसानों को सोलर पंप खरीदने पर केवल 10 प्रतिशत राशि का भुगतान करना होगा। बाकी 90 प्रतिशत लागत राज्य सरकार उठाएगी।

प्रदेशभर से हजारों किसान पहुंचे

MP News: आपको बता दें कि इस खास कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों किसान पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान बताया कि अब 3 हॉर्सपावर कनेक्शन वाले किसान भी 5 हॉर्सपावर का सोलर पंप 10% कीमत पर ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि अब किसान खुद अपने घरों में बिजली जला सकेंगे। यह हमारी किसानों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सीएम यादव ने कहा कि पहले प्राकृतिक आपदाओं के बाद सर्वेक्षण के बाद ही राहत राशि दी जाती थी, लेकिन अब किसानों को बिना देरी सीधे उनके खातों में आर्थिक मदद पहुंचाई जा रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सोयाबीन की फसल की क्षति का मुआवज़ा किसानों को पहले ही मिल चुका है, जबकि फसल हाल ही में कटी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
                                                                                          मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

किसान का बेटा ही किसान की पीड़ा समझेगा

MP News: मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी भी किसी किसान के बेटे को मुख्यमंत्री नहीं बनाया। 1956 में मध्यप्रदेश की स्थापना हुई, लेकिन तब से लेकर अब तक कांग्रेस ने किसी किसान पुत्र को नेतृत्व नहीं सौंपा। यह बीजेपी ही है जिसने एक किसान के बेटे को प्रदेश की बागडोर सौंपी। उन्होंने किसानों की मेहनत को देश की रीढ़ बताते हुए कहा कि किसान हर मौसम की मार सहकर भी अन्न उपजाते हैं, उनकी सेवा किसी भी पुण्य से कम नहीं है।

भविष्य में नहीं फेंकनी पड़ेगी फसलें

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आश्वस्त किया कि प्रदेश में अधिक उत्पादन होने की स्थिति में अब किसानों को अपनी फसलें सड़कों पर नहीं फेंकनी पड़ेंगी। सरकार जल्द ही विभिन्न क्षेत्रों में फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित करेगी और फसल की खरीद सुनिश्चित करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य के कृषि नक्शे का विश्लेषण करें और हर क्षेत्र की उपज के अनुसार रणनीति बनाएं ताकि कोई भी उपज बर्बाद न हो।

आगे मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि की वे गोवर्धन पूजा को पूरे उत्साह के साथ मनाएं। उन्होंने घोषणा की कि अब यह त्योहार शासकीय स्तर पर भी मनाया जाएगा। इसके अलावा राज्य सरकार राम वन गमन पथ और भगवान कृष्ण से जुड़े स्थलों का तीर्थ के रूप में विकास कर रही है। यादव ने कहा कि बीते वर्ष जहाँ 2 लाख किसानों ने पंजीकरण कराया था, वहीं भावांतर योजना के फिर से शुरू होने के बाद अब तक 9 लाख सोयाबीन किसानों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। उन्होंने लाड़ली बहनों को भाई दूज के मौके पर ₹250 अतिरिक्त देने की भी घोषणा की।

ये भी पढ़े… UP Politics: धनतेरस पर अखिलेश यादव का सरकार पर तंज कहा- ‘दिवाली पर फुस्स फुलझड़ी से क्या उम्मीद करें?