MP NEWS: मध्य प्रदेश में मंत्री लखन पटेल से पशुपालन विभाग लेकर उन्हें आनंद विभाग की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर पूछा है कि क्या केवल विभाग बदलने से व्यवस्था भी बदल जाएगी?
मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
जीतू पटवारी ने पत्र में कहा कि विभागों में फेरबदल मुख्यमंत्री का अधिकार है, लेकिन जनता यह जानना चाहती है कि क्या इस बदलाव से विभाग की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास पहले से कई महत्वपूर्ण विभाग हैं, जिनके प्रदर्शन पर भी सवाल उठते रहे हैं।
MP NEWS: गोशालाओं और पशुपालकों की स्थिति पर सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा ने वर्षों तक गाय को राजनीति का प्रमुख मुद्दा बनाया, लेकिन उसके शासन में प्रदेश का गोवंश सबसे अधिक उपेक्षित है। उन्होंने कहा कि गोशालाओं में चारा, पानी, उपचार और संसाधनों की कमी लगातार सामने आती रही है।
पशुपालन बन रहा घाटे का सौदा
पटवारी ने कहा कि बढ़ती लागत, महंगे चारे और कमजोर सरकारी सहायता के कारण पशुपालन किसानों के लिए अतिरिक्त आय का माध्यम बनने के बजाय घाटे का सौदा बनता जा रहा है। उन्होंने गोशालाओं में प्रति गाय मिलने वाली राशि और सड़क हादसों में गोवंश की मौतों पर भी चिंता जताई।
MP NEWS: आनंद विभाग की मिली जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हालिया मंत्रिमंडल फेरबदल में लखन पटेल को पशुपालन विभाग से हटाकर आनंद विभाग की जिम्मेदारी दी है। मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने लोगों के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आनंद विभाग की स्थापना की थी।
ये भी पढ़े… केतन अग्रवाल मर्डर केस: सिया गोयल के परिवार की दुकान पर कार्रवाई, कारोबार बंद करने का नोटिस








