Ketan Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे का चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। इस मामले में हत्या के आरोप में जेल में बंद सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी की मुश्किलें पहले से ही बढ़ी हुई हैं। अब सिया गोयल के परिवार को भी बड़ा झटका लगा है। जानकारी के मुताबिक, उनके परिवार की मसाला और सूखे मेवों की दुकान को कारोबार बंद करने का नोटिस जारी किया गया है।
FDA ने जारी किया नोटिस
महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सिया गोयल के परिवार की दुकान को कथित नियमों के उल्लंघन के मामले में नोटिस भेजा है। नोटिस में अगले आदेश तक दुकान का पूरा कारोबार तुरंत बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।बताया जा रहा है कि यह दुकान ‘मेसर्स बीजी गोयल एंड कंपनी’ के नाम से संचालित होती है और यह सिया गोयल के परिवार की है। यह दुकान पुणे के मध्य स्थित मार्केट यार्ड इलाके में है।
जांच में क्या मिला?
FDA अधिकारियों ने दुकान की जांच के दौरान खाद्य उत्पादों के चार नमूने लिए। जांच में उत्पादों पर गलत या अधूरी जानकारी मिलने और संभावित मिलावट का संदेह सामने आया। इसके बाद अधिकारियों ने करीब 4,172 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी कीमत लगभग 8.14 लाख रुपये बताई गई है, जब्त कर ली।FDA के अनुसार, दुकान के लाइसेंस से जुड़ी जरूरी जानकारियों और विवरण में भी आवश्यक सुधार नहीं किए गए थे। इसी वजह से दुकान का कारोबार अगले आदेश तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
केतन की मौत कैसे हुई?
25 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत 18 जून को लोहागढ़ किले से गिरने के कारण हुई थी। शुरुआत में इसे एक हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला।केतन की शादी सिया गोयल से होने वाली थी। जांच के अनुसार, सिया गोयल पर आरोप है कि उसने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर लोहागढ़ किले की पहाड़ी चढ़ाई के दौरान केतन को खाई में धक्का दे दिया। इस घटना में केतन की मौत हो गई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के बाद केतन अग्रवाल की हत्या के आरोप में उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अब इस मामले के बीच सिया गोयल के परिवार के कारोबार पर भी FDA की कार्रवाई ने नया मोड़ ला दिया है।
यह भी पढ़े…होर्मुज में अमेरिका की सख्ती, ईरान जा रहे ऑयल टैंकर पर हेलफायर मिसाइलें दागकर रोका








