Home » Breaking News » लोकायुक्त की रेड में बड़ा खुलासा! बिजली कंपनी के ACE की ₹17.12 करोड़ की संपत्ति, बैंक खाते फ्रीज

लोकायुक्त की रेड में बड़ा खुलासा! बिजली कंपनी के ACE की ₹17.12 करोड़ की संपत्ति, बैंक खाते फ्रीज

MP NEWS: मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के एडिशनल चीफ इंजीनियर (एसीई) शिवराम सेमिल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। अब तक की जांच में सेमिल और उनके परिवार की चल-अचल संपत्तियों का मूल्य बढ़कर 17.12 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। लोकायुक्त यह जांच कर रही है कि 33 वर्षों की सरकारी सेवा के दौरान इतनी बड़ी संपत्ति कैसे अर्जित की गई। साथ ही उन्हें वर्तमान पद से हटाने के लिए ऊर्जा विभाग और बिजली कंपनी को भी पत्र भेजा गया है।

25 बैंक खातों का पता, बेटे के नाम एफडी भी मिली

लोकायुक्त जांच में शिवराम सेमिल, उनकी पत्नी रामबेटी, बेटे सौरभ, बहू सुनीता और उनसे जुड़ी फर्मों के नाम पर संचालित 25 बैंक खातों की जानकारी मिली है। इनमें एसबीआई और आईडीबीआई बैंक के खाते शामिल हैं। जांच में शुभम इलेक्ट्रिकल और कॉर्निश पावरजोन से जुड़े छह बैंक खातों में 62.89 लाख रुपए जमा पाए गए हैं। इसके अलावा बेटे सौरभ सेमिल के नाम फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) होने की भी पुष्टि हुई है।

MP NEWS: मुरैना में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि का खुलासा

जांच के दौरान मुरैना में एक मकान मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। मकान में रखे घरेलू सामान का मूल्य लगभग 7.51 लाख रुपए आंका गया है। इसके अलावा 20×40 फीट का एक प्लॉट और करीब सवा बीघा कृषि भूमि होने की जानकारी भी सामने आई है। इन संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज पंजीयन विभाग से जुटाए जा रहे हैं।

आयकर और निवेश का पूरा ब्योरा तलब

लोकायुक्त ने सेमिल, उनके परिवार और संबंधित फर्मों के सभी बैंक खाते फ्रीज करा दिए हैं। आयकर विभाग से उनके और परिवार के सदस्यों के आयकर रिटर्न मांगे गए हैं। वहीं, सेबी को पत्र भेजकर शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय निवेशों का पूरा विवरण भी तलब किया गया है।

MP NEWS: प्रमोशन के एक सप्ताह बाद पड़े थे छापे

शिवराम सेमिल को हाल ही में पदोन्नति मिली थी। प्रमोशन के करीब एक सप्ताह बाद लोकायुक्त ने इंदौर, पीथमपुर, धार और मुरैना समेत 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। शुरुआती जांच में 14.54 करोड़ रुपए की संपत्ति सामने आई थी, जो अब बढ़कर 17.12 करोड़ रुपए हो चुकी है। लोकायुक्त का कहना है कि जांच अभी जारी है और नए दस्तावेज मिलने के साथ संपत्तियों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

ये भी पढ़े… सपा की पहली चुनावी लिस्ट का ब्लूप्रिंट तैयार! 46 नाम तय, कई पुराने चेहरों की वापसी