Mp News: महाराष्ट्र के पुणे एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में दर्ज एक एफआईआर और इससे जुड़े अन्य मामलों में जब्त हुए अवैध हथियारों की जांच ने पुलिस को चौंका दिया। यह कार्रवाई पुणे पुलिस द्वारा अब तक की सबसे बड़ी इंटर-स्टेट अवैध हथियार निर्माण रैकेट के खिलाफ मानी जा रही है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और रणनीतिक सफलता को एक बार फिर साबित किया है
पुणे पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा
जांच के दौरान पता चला कि यह हथियार मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के एक छोटे से गांव उमरेटी में बड़े पैमाने पर बनाए जा रहे थे। इस अहम जानकारी ने पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने के लिए मजबूर कर दिया।
Mp News: जानिए कितने पुलिसकर्मियों की बनी थी टीम
सूचना की पुष्टि होते ही पुणे पुलिस ने एक विशेष कार्रवाई योजना तैयार की। पुणे क्राइम ब्रांच, एयरपोर्ट पुलिस, वायरलेस विभाग और विभिन्न यूनिटों के कुल 105 पुलिसकर्मियों की बड़ी टीम गठित की गई। पूरी कार्रवाई डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) के नेतृत्व में हुई। गुरुवार सुबह-सुबह पुलिस दल उमरेटी गांव पहुंचा और वहां कई ठिकानों पर एक साथ छापे मारे गए।
एक ही गांव में कई फैक्ट्रियां ध्वस्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गांव में ही संचालित 50 से अधिक अवैध हथियार निर्माण इकाइयों को चिह्नित कर लिया। पुलिस ने इन सभी ठिकानों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही भारी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार, निर्माण उपकरण, मशीनें और कच्चा माल जब्त किया गया है।
Mp News: कितने लोग हुए गिरफ्तार ?
कार्रवाई में अब तक 36 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और तलाशी जारी है, इसलिए गिरफ्तारियों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। पुलिस को अंदेशा है कि यह नेटवर्क केवल महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी सक्रिय हो सकता है।
कई महीनों की खुफिया जांच का नतीजा
अधिकारियों ने बताया कि यह बड़ी सफलता कई महीनों की निगरानी, सूचना संकलन और गुप्त जांच के बाद मिली है। जल्द ही पूरे ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी और बरामद हथियारों का आधिकारिक ब्यौरा प्रेस नोट के माध्यम से सार्वजनिक किया जाएगा। फिलहाल उमरेटी गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें…Bihar news: गृह मंत्री बनते ही एक्शन में दिखे सम्राट बेगूसराय का कुख्यात आरोपी मुठभेड़ में घायल






