MP News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के ऐतिहासिक नरवर किले से सिंधिया रियासत की करीब 400 साल पुरानी दुर्लभ तोप चोरी हो गई। 16वीं शताब्दी की यह ऐतिहासिक तोप करीब 3500 किलो वजनी थी। अंतरराष्ट्रीय एंटीक ब्लैक मार्केट में इसकी कीमत 3 से 5 करोड़ रुपए तक आंकी जा रही है।
MP News: 3000 फीट नीचे उतारकर ले गए चोर-
जानकारी के अनुसार, बदमाश पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। उन्होंने पहले तोप को गद्दों और रजाई में लपेटा, फिर बैरिंग लगी लोहे की ट्रॉली की मदद से करीब 3000 फीट नीचे उतारा। इसके बाद लोडिंग वाहन में रखकर फरार हो गए। घटना 15 जुलाई की रात की बताई जा रही है।
MP News: 10 दिन पहले भी की थी चोरी की कोशिश-
जांच में सामने आया है कि 4-5 जुलाई की रात भी बदमाशों ने इसी तोप को हटाने की कोशिश की थी, लेकिन अत्यधिक वजन के कारण सफल नहीं हो सके। शिकायत दर्ज होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई।
किले में अब बचीं सिर्फ 13 ऐतिहासिक तोपें-
नरवर किले की ओपन कचहरी में पहले सिंधिया काल की कुल 14 दुर्लभ तोपें थीं। इस चोरी के बाद अब केवल 13 तोपें बची हैं। सभी तोपें पीतल, तांबा, कांसा और अष्टधातु जैसी मिश्रित धातुओं से बनी हैं तथा उन पर फारसी और देवनागरी में शिलालेख अंकित हैं।
घटनास्थल से मिले अहम सुराग-
पुलिस और राज्य पुरातत्व विभाग की संयुक्त जांच में घटनास्थल से गद्दे, रजाई, लोहे के पाइप, घसीटने के निशान और भारी वाहन के टायरों के निशान मिले हैं। इन सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सुरक्षा गार्डों की लापरवाही आई सामने-
जांच में पता चला कि घटना वाली रात ड्यूटी पर तैनात दोनों गार्ड किला छोड़कर घर चले गए थे। गार्डों ने सुरक्षा संसाधनों की कमी की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने उनकी लापरवाही को गंभीर माना है।
पुलिस और पुरातत्व विभाग की संयुक्त जांच जारी-
राज्य पुरातत्व विभाग और पुलिस ने मामले की संयुक्त जांच शुरू कर दी है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और चोरी में इस्तेमाल वाहन समेत अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़े- नशे के धंधे में शामिल 5 महिलाएं गिरफ्तार, लूट और चोरी जैसे अपराधों में भी रही हैं लिप्त








