Home » राजनीति » मध्य प्रदेश विधानसभा में UCC विधेयक पेश, आज होगी चर्चा; कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

मध्य प्रदेश विधानसभा में UCC विधेयक पेश, आज होगी चर्चा; कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

 MP UCC Bill:

MP UCC Bill: मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक-2026 सदन में पेश कर दिया। विधेयक पर मंगलवार को चर्चा होगी। इसे लेकर पहले ही दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

MP UCC Bill: कांग्रेस ने लगाया ‘चोरी-छिपे’ बिल लाने का आरोप-

कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने आरोप लगाया कि UCC विधेयक को पहले सदन के पटल पर रखा गया और बाद में अनुपूरक कार्यसूची में जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इसका विरोध किया है और मंगलवार को भी विरोध जारी रहेगा। साथ ही विधेयक में संशोधन का प्रस्ताव भी दिया गया है।

MP UCC Bill: भाजपा का पलटवार, विरोध से नहीं रुकेगा UCC-

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोध-प्रदर्शन से UCC लागू होने से नहीं रुकेगा। उन्होंने दावा किया कि यह कानून महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करेगा और बहुविवाह जैसी प्रथाओं पर रोक लगाने में मददगार होगा।

जयवर्धन सिंह बोले- UCC नहीं, यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड चाहिए-

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि प्रदेश को UCC की नहीं, बल्कि यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड की जरूरत है, ताकि सभी बच्चों को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

एक साथ कई विधेयक लाने पर कांग्रेस की आपत्ति-

विधानसभा सचिवालय द्वारा पूरक कार्यसूची में कई विधेयक शामिल किए जाने पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई। विपक्ष का कहना था कि इन विधेयकों को पहले कार्यसूची में शामिल नहीं किया गया। संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि सभी विधेयक नियमानुसार कार्य मंत्रणा समिति की बैठक के बाद सदन में रखे गए हैं।

खाद-बीज की कमी पर सदन में हंगामा-

विधानसभा में किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठा। कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया, जबकि सरकार ने कहा कि पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराया जा रहा है और किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए।

ओबीसी आरक्षण को लेकर विधानसभा घेराव-

विधानसभा के बाहर 27% ओबीसी आरक्षण लागू करने और 13% होल्ड पदों को मुक्त करने की मांग को लेकर ओबीसी महासभा ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा घेरने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में लिया।

अन्य मुद्दों पर भी गरमाया सदन-

सत्र के दौरान उज्जैन जमीन खरीदी विवाद, केन-बेतवा परियोजना, किसानों की समस्याएं, खाद-बीज संकट और श्रद्धांजलि सूची जैसे कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और हंगामा देखने को मिला। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को UCC विधेयक पर विस्तृत चर्चा कराने की बात कही

यह भी पढ़े- भोपाल में इंजेक्शन से नशा करने वाले युवक की मौत, OST दवा के दुरुपयोग से ओवरडोज की आशंका