Mumbai: महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों छोटे दलों के कांग्रेस में संभावित विलय को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कांग्रेस को ‘डूबता जहाज’ करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दल कांग्रेस में विलय भी करते हैं, तो उसका सबसे बड़ा फायदा भाजपा को होगा।
विपक्ष पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम फडणवीस ने विपक्षी दलों और उनके नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विलय की चर्चाओं को लेकर उनकी स्थिति बिल्कुल साफ है। मुख्यमंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा, “बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना।”
उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत का नाम लिए बिना उन पर तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति न कांग्रेस से जुड़ा है और न ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) से, वही इस तरह की चर्चाएं शुरू कर रहा है और फिर पूरा राजनीतिक माहौल उसी पर बहस करने लगता है।
Mumbai: भाजपा को कोई नुकसान नहीं
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय दलों के नेताओं की राजनीतिक समझदारी पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे इतने समझदार हैं कि किसी डूबते जहाज पर सवार नहीं होंगे। कांग्रेस एक डूबता जहाज है और मुझे नहीं लगता कि क्षेत्रीय दल उसके साथ अपना भविष्य जोड़ना चाहेंगे।
सीएम फडणवीस ने यह भी कहा कि अगर विपक्षी दलों का कांग्रेस में विलय हो जाता है, तब भी भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा। इससे भाजपा के लिए अधिक राजनीतिक अवसर पैदा होंगे। अगर वे विलय करते हैं तो यह हमारा फायदा है, नुकसान नहीं। विपक्ष जितना अपनी अलग पहचान खत्म करेगा, उतनी ही ज्यादा राजनीतिक जगह भाजपा के लिए खुलेगी। फिलहाल हम ‘इंतजार करो और देखो’ की नीति पर चल रहे हैं।
Mumbai: विपक्ष पर क्यों किया तंज?
दरअसल, हाल के दिनों में कुछ क्षेत्रीय दलों के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज हुई हैं। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने सार्वजनिक रूप से विपक्षी दलों से कांग्रेस में विलय कर एक मजबूत मोर्चा बनाने की अपील की थी।
इसी बीच एनसीपी (एसपी) के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र की राजनीति में पार्टी के कांग्रेस में विलय की चर्चाएं भी तेज हो गईं। इस बहस को उस समय और बल मिला जब कांग्रेस विधायक और वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने दावा किया कि एनसीपी (एसपी) की ओर से पहले ही कांग्रेस में विलय का प्रस्ताव दिया जा चुका है।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस के तंज को विपक्ष के इसी प्रयास की प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें…ममता बनर्जी कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं, अशोक गहलोत ने दिया यह सुझाव…








