Muradabad News : मुरादाबाद में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कौशल विकास मिशन और राजकीय पॉलीटेक्निक के संयुक्त प्रयास से राजकीय पॉलीटेक्निक परिसर में संपन्न हुआ। मेले ने न केवल रोजगार की संभावनाओं को मजबूत किया, बल्कि युवाओं में आत्मनिर्भर बनने का विश्वास भी जगाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य सत्य पाल सिंह सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह और मुख्य विकास अधिकारी मरूंली अविनाश जोशी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बेरोजगारी आज वैश्विक चुनौती है, लेकिन भारत तेजी से आर्थिक प्रगति की ओर बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकारें युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
रोजगार मेले में करीब 50 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जबकि 3000 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कर साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया। विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद कुल 1097 अभ्यर्थियों को चयनित या शॉर्टलिस्ट किया गया। यह आंकड़ा मेले की सफलता और युवाओं की तैयारी को दर्शाता है।
मेले में स्थानीय उद्योगों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों ने भी अवसर उपलब्ध कराए। इनमें महिंद्रा एवं महिंद्रा लिमिटेड, टाटा मोटर्स लिमिटेड, श्रीराम पिस्तौन्स एवं रिंग्स लिमिटेड सहित कई नाम शामिल रहे। इसके अलावा अस्पताल, पेपर मिल और अन्य निजी प्रतिष्ठानों ने भी युवाओं को रोजगार के विकल्प दिए।
मेले की खास बात रही साइक्रोमैट्रिक टेस्ट और एआई आधारित प्रशिक्षण पंडाल, जहां युवाओं को आधुनिक चयन प्रणालियों की जानकारी दी गई। अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर चयन प्रक्रिया को सराहा। समापन अवसर पर आउटसोर्सिंग और संविदा के माध्यम से चयनित 30 युवाओं को ऑफर लेटर और नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
यह रोजगार मेला मुरादाबाद के युवाओं के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया, जिसने कौशल, अवसर और आत्मनिर्भरता तीनों को एक मंच पर जोड़ दिया।
Reporter By – Salman Yusuf
ये भी पढ़े – https://khabarindiatv.in/bengal-news-broad-daylight-shootout-in-kolkatas-howrah-promoter-killed/






