Home » Trending » कांग्रेस सांसद के ‘यह विपक्ष का आंदोलन नहीं’ वाले बयान से क्यों भड़के अभिजीत दीपके? जानिए पूरा मामला

कांग्रेस सांसद के ‘यह विपक्ष का आंदोलन नहीं’ वाले बयान से क्यों भड़के अभिजीत दीपके? जानिए पूरा मामला

NEET-UG Protest: पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की टिप्पणी पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि NEET और शिक्षा सुधारों को लेकर चल रहा आंदोलन किसी विपक्षी दल का नहीं, बल्कि देश के युवाओं और राष्ट्र का आंदोलन है।

‘यह विपक्ष का आंदोलन नहीं’

अभिजीत दीपके ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल इस आंदोलन को अपने नजरिए से देखने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि यह छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा और इसे कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा।

NEET-UG Protest: इमरान मसूद ने क्या कहा था?

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने पर टिप्पणी करते हुए उन्हें “अन्ना पार्ट-2” बताया था। उन्होंने कहा था कि सरकार के साथ बातचीत छात्रों की नहीं, बल्कि अलग स्तर पर हुई और यह एक तरह की “डील” थी।

‘भ्रष्टाचारियों को मिल रहा इनाम’

दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय अधिकारियों को इधर-उधर स्थानांतरित कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय में हुए हालिया प्रशासनिक बदलाव यह संदेश देते हैं कि व्यवस्था सुधारने के बजाय जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है। उनके अनुसार, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

NEET-UG Protest: राहुल गांधी ने भी दोहराई इस्तीफे की मांग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक पर सख्त कानून और फास्ट ट्रैक कोर्ट की घोषणा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों की मुख्य मांग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। उन्होंने सरकार से जिम्मेदारी तय करने, छात्रों पर हुई कार्रवाई की जांच कराने और माफी मांगने की मांग की।

ये भी पढ़े… आतंकवाद पर संजय निषाद का बड़ा दावा! बोले- सिर्फ हथियार नहीं, कट्टर सोच है सबसे बड़ी वजह