Nitin Gadkari NEWS: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सभी राज्य सरकारों से बाइक टैक्सी को मंजूरी देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निजी बाइक और स्कूटर से यात्रियों को ले जाने की सुविधा शुरू होने से खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। गडकरी के मुताबिक, इससे करीब 8 करोड़ लोगों को रोजगार मिल सकता है।
राज्यों से बाइक टैक्सी को मंजूरी देने की अपील
गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने बाइक टैक्सी को अनुमति दे दी है, लेकिन परिवहन व्यवस्था राज्य का विषय होने के कारण कुछ राज्यों में अभी इसे मंजूरी नहीं मिली है। उन्होंने राज्यों से बाइक टैक्सी को अनुमति देने की अपील करते हुए कहा कि इससे लोगों को कमाई का एक नया जरिया मिल सकता है।

Nitin Gadkari NEWS: ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती
केंद्रीय मंत्री ने बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती के संकेत दिए। उन्होंने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट में बदलाव कर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए नेगेटिव पॉइंट सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव है। लगातार नियम तोड़ने वाले चालकों का लाइसेंस सस्पेंड या कैंसिल किया जा सकता है।
भारी वाहन चालकों की ट्रेनिंग पर जोर
गडकरी ने भारी वाहनों और निर्माण उपकरण चलाने वाले ड्राइवरों के लिए अनिवार्य प्रशिक्षण की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई व्यापक अनिवार्य व्यवस्था नहीं है। उन्होंने निर्माण उपकरण बनाने वाली कंपनियों से भी अपील की कि मशीनें देने से पहले ऑपरेटरों को उचित प्रशिक्षण दिया जाए।
Nitin Gadkari NEWS: 10 लाख ड्राइवरों-कर्मचारियों की होगी स्वास्थ्य जांच
गडकरी ने ‘सुरक्षा’ पायलट प्रोग्राम की शुरुआत की। इसके तहत हाईवे, खनन और निर्माण जैसे जोखिम वाले क्षेत्रों से जुड़े करीब 10 लाख ड्राइवरों और कर्मचारियों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच और काउंसलिंग की जाएगी। पहले चरण में नागपुर-कामठी के NH-44 और चंद्रपुर के खनन क्षेत्र में करीब 10 हजार लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया है।
दोपहिया हादसों में 81,780 मौतों का दावा
गडकरी ने सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि भारत में दोपहिया वाहन हादसों में 81,780 मौतें हुई हैं। उन्होंने सीट बेल्ट नहीं लगाने, हिट एंड रन, गलत दिशा में वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल को हादसों की प्रमुख वजहों में बताया। उनके मुताबिक, सीट बेल्ट नहीं लगाने के कारण 14,466 मौतें, जबकि हिट एंड रन मामलों में 34,030 मौतें हुईं। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए ड्राइवरों की ट्रेनिंग, स्वास्थ्य जांच और यातायात नियमों के सख्त पालन पर जोर दिया।
ये भी पढ़े… ‘मेरा नाम क्यों हटाया?’ राघव चड्ढा ने वोटर लिस्ट पर उठाए सवाल, AAP पर लगाया आरोप








