Home » देश-विदेश » ऑपरेशन अमिस्ताद: भारतीय वायु सेना ने वेनेजुएला में पहुंचाई राहत सामग्री और फील्ड हॉस्पिटल टीम

ऑपरेशन अमिस्ताद: भारतीय वायु सेना ने वेनेजुएला में पहुंचाई राहत सामग्री और फील्ड हॉस्पिटल टीम

ऑपरेशन अमिस्ताद

Operation Amistad: वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने मानवीय सहायता के लिए अपना सहयोग बढ़ाया है। संकट की इस घड़ी में मदद पहुंचाने के उद्देश्य से भारत ने ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है। इस अभियान के माध्यम से भारत भूकंप से प्रभावित लोगों को राहत और चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रहा है।

भारतीय वायु सेना के दो सी-17 विमान रवाना

रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत भारतीय वायु सेना के दो सी-17 विमान वेनेजुएला के लिए रवाना हुए। ये विमान उत्तरी वेनेजुएला में आए भयंकर भूकंप से प्रभावित लोगों के लिए 35 टन राहत सामग्री, भारतीय सेना के फील्ड हॉस्पिटल की मेडिकल टीम और दो भीष्म क्यूब लेकर जा रहे हैं। राहत अभियान के दौरान ये विमान आबिदजान से होकर वेनेजुएला पहुंचे।

Operation Amistad: मेडिकल टीम में 41 सदस्य शामिल

इस राहत अभियान के लिए भेजी गई टीम में कुल 41 सदस्य शामिल हैं, जिनमें नौ मेडिकल ऑफिसर भी मौजूद हैं। यह टीम भूकंप प्रभावित लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता देने के लिए तैयार की गई है।मेडिकल टीम का उद्देश्य घायलों को ट्रॉमा मैनेजमेंट, जीवन बचाने वाली सर्जरी और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आपदा से प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द इलाज मिल सके।

Operation Amistad:  ऑपरेशन अमिस्ताद
ऑपरेशन अमिस्ताद

मेडिकल उपकरणों और राहत सामग्री से लैस टीम

यह टीम विदेश मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई लगभग छह टन मेडिकल सामग्री और मानवीय राहत सामग्री लेकर जा रही है। इसके अलावा, दो विमानों में से एक विमान भारत के ‘आरोग्य मैत्री प्रोजेक्ट’ के तहत एक भीष्म क्यूब भी लेकर जा रहा है।

भीष्म क्यूब यानी भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित और मैत्री एक आधुनिक, स्वदेशी और तेजी से तैनात की जाने वाली मॉड्यूलर मेडिकल सुविधा है। इसे विशेष रूप से आपदा और मानवीय सहायता अभियानों के लिए तैयार किया गया है।इसमें कई छोटे और आत्मनिर्भर मेडिकल मॉड्यूल होते हैं, जिन्हें जरूरत के अनुसार जल्दी से जोड़ा जा सकता है। इन्हें मिलाकर एक पूरी तरह कार्य करने वाला फील्ड हॉस्पिटल तैयार किया जा सकता है।

200 मरीजों तक इलाज की क्षमता

भीष्म क्यूब एक साथ लगभग 200 मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधा देने में सक्षम है। इसमें ट्रॉमा केयर, आपातकालीन सर्जरी, इंटेंसिव केयर सपोर्ट और जरूरी इलाज की सुविधाएं उपलब्ध होती हैं।

यह पोर्टेबल वेंटिलेटर, मरीजों की निगरानी करने वाले मॉनिटर, डायग्नोस्टिक उपकरण, सर्जिकल इंस्ट्रूमेंट्स, बिजली उत्पादन की व्यवस्था और ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम जैसी सुविधाओं से लैस होता है।इस आधुनिक सुविधा के माध्यम से भारत दुनिया के किसी भी हिस्से में आपदा या मानवीय संकट के समय तेजी से मेडिकल सहायता पहुंचाने की अपनी क्षमता को मजबूत कर रहा है।

भारत की मानवीय सहायता की प्रतिबद्धता

ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत मेडिकल टीम और राहत सामग्री भेजना भारत की आपदा राहत और मानवीय सहायता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह अभियान दिखाता है कि संकट के समय भारत अपने मित्र देशों की सहायता के लिए तुरंत कदम उठाने के लिए तैयार रहता है।

यह भी पढे़…मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, 9 राज्यों में भारी बारिश की संभावना और यूपी में हीटवेव का दौर जारी