Padma Shri 2026: साल 2026 के पद्म पुरस्कारों का ऐलान आज किया जाएगा। PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इस वर्ष कुल 45 लोगों को पद्मश्री सम्मान दिया जाएगा। इनमें देश के अलग-अलग राज्यों से आए ऐसे “गुमनाम नायक” भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में असाधारण योगदान देकर समाज को नई दिशा दी है।
गुमनाम नायकों को मिलेगा सम्मान
सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश के भगवान दास रायकवार, राजस्थान के गफरुद्दीन मेवाती और जम्मू-कश्मीर के ब्रिज लाल भट को ‘अनसंग हीरोज’ कैटेगरी में पद्मश्री दिया जाएगा। इनके अलावा उत्तर प्रदेश के चिरंजी लाल यादव, गुजरात के धार्मिकलाल चुन्नीलाल पंड्या, छत्तीसगढ़ की बुधरी ताती, ओडिशा के चरण हेम्ब्रम, कर्नाटक के अंके गौड़ा और महाराष्ट्र की अरमिडा फर्नांडिस को भी इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।
Padma Shri 2026: लोक कला, शिक्षा और समाज सेवा को सम्मान
राजस्थान के डीग जिले के गफरुद्दीन मेवाती जोगी भपंग वादक और ‘पांडुन का कड़ा’ के एकमात्र लोक गायक हैं। वे 2500 से ज्यादा दोहे कंठस्थ रखते हैं और देश-विदेश में अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। वहीं कर्नाटक के अंके गौड़ा ने साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दिया है। बस कंडक्टर की नौकरी से शुरुआत कर उन्होंने अपनी ‘पुस्तक माने’ लाइब्रेरी में 20 लाख से अधिक दुर्लभ किताबें संग्रहित की हैं।
Padma Shri 2026: इंद्रजीत और बुधरी ताती की प्रेरक कहानी
पंजाब के पूर्व डीआईजी इंद्रजीत सिंह सिद्धू, जो 1964 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं, रिटायरमेंट के बाद पिछले 10 वर्षों से रोज सुबह सड़कों की सफाई कर समाज को स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले की बुधरी ताती ने जीवनभर समाज सेवा को ही अपना उद्देश्य बनाया। उन्होंने महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए 545 गांवों की पदयात्रा की और कई आश्रमों का संचालन किया।
तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं पद्म पुरस्कार
पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जो पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री—तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं। ये सम्मान कला, समाज सेवा, साहित्य, शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, खेल और सिविल सेवा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं। पिछले वर्ष भी कई प्रतिष्ठित और जमीनी स्तर पर काम करने वाली हस्तियों को इन सम्मानों से नवाजा गया था।
यह भी पढे़ : भारत से रिश्ते सुधारने में जुटा अमेरिका, ट्रंप ने नई दिल्ली भेजा कांग्रेस डेलीगेशन







