Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। क्वेटा से पेशावर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। यह दुर्घटना डेरा इस्माइल खान जिले में हुई। हादसे के समय बस में कुल 48 यात्री सवार थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। फिलहाल अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है।
ब्रेक फेल होने के बाद ड्राइवर ने खोया नियंत्रण
अधिकारियों के मुताबिक, बस बलूचिस्तान के क्वेटा से पेशावर जा रही थी। जब बस खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान जिले के पहाड़ी इलाके में पहुंची, तभी उसके ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद एक कठिन मोड़ पर ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि हादसे की असली वजह जानने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
महिलाओं और बच्चों समेत 40 लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 40 लोगों की जान चली गई। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के मीडिया और राजनीतिक मामलों के सहयोगी शाहिद रिंद ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार 40 लोगों की मौत हुई है, जबकि 8 अन्य घायल हैं। उन्होंने कहा कि दोनों प्रांतों के जिला प्रशासन, बचाव दल और संबंधित विभाग राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं तथा प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहे हैं।

Pakistan Bus Accident: बस में कुल 48 यात्री थे
1122 बचाव दल के अनुसार, हादसे के समय बस में 48 लोग सवार थे। वहीं, ‘डॉन’ अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, जब बस क्वेटा से रवाना हुई थी, तब उसमें 36 यात्री थे। बाकी यात्रियों ने रास्ते में अलग-अलग स्थानों से बस में सफर शुरू किया। शेरानी जिले के डिप्टी कमिश्नर वली खान काकर ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान करने का काम जारी है।
राष्ट्रपति ने घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को हर संभव और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पूरा देश इस दुखद हादसे से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और उनके दुख में बराबर का सहभागी है।
पहाड़ी इलाकों में अक्सर होते हैं ऐसे हादसे
खैबर पख्तूनख्वा के पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं और कई बार ये जानलेवा साबित होती हैं। इसके पीछे कई कारण माने जाते हैं, जिनमें खतरनाक और घुमावदार सड़कें, खराब मौसम, ट्रैफिक नियमों का बार-बार उल्लंघन, सड़कों और वाहनों की खराब स्थिति तथा बिना पर्याप्त प्रशिक्षण वाले ड्राइवर शामिल हैं।
ये भी पढ़ें…मानसून में रखें सेहत का खास ध्यान, इन आसान उपायों से बढ़ाएं इम्युनिटी








