Home » Breaking News » AI के दुरुपयोग पर सख्त हुए पीयूष गोयल! डीपफेक वीडियो मामले में पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

AI के दुरुपयोग पर सख्त हुए पीयूष गोयल! डीपफेक वीडियो मामले में पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

PIYUSH GOEL NEWS: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपने कथित वीडियो को फर्जी और एआई से तैयार किया गया डीपफेक बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने चाणक्यपुरी थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एआई से छेड़छाड़ कर बनाया गया वीडियो

पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि संसद के बाहर मीडिया से हुई उनकी बातचीत के मूल वीडियो के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से दुर्भावनापूर्ण छेड़छाड़ कर डीपफेक वीडियो तैयार किया गया और उसे गलत सूचना फैलाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

PIYUSH GOEL NEWS: पुलिस में शिकायत, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस मामले में शिकायत दर्ज कराने के बाद शनिवार सुबह चाणक्यपुरी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि फर्जी वीडियो बनाने, प्रसारित करने या जानबूझकर उसे बढ़ावा देने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

‘एआई का दुरुपयोग स्वीकार नहीं’

पीयूष गोयल ने कहा कि जनता को गुमराह करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना और दुर्भावनापूर्ण इस्तेमाल किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों की ही पुष्टि करें।

PIYUSH GOEL NEWS: सीजेपी प्रदर्शन के बीच वायरल हुआ वीडियो

यह कथित डीपफेक वीडियो उस समय सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन जारी है। वीडियो में दावा किया गया था कि पीयूष गोयल ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लेकर आपत्तिजनक और धमकी भरे बयान दिए हैं।

PIB फैक्ट चेक ने किया खंडन

सरकारी फैक्ट-चेक एजेंसी PIB Fact Check ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो फर्जी है और इसे एआई तकनीक के जरिए तैयार किया गया है। एजेंसी के अनुसार, वीडियो को पाकिस्तान से जुड़े कुछ प्रोपेगैंडा सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा फैलाया गया था, जिसका उद्देश्य गलत सूचना फैलाना और लोगों को भ्रमित करना था।

ये भी पढ़े… PM मोदी के इंस्टा वीडियो ने बनाया रिकॉर्ड, नए संदेश में युवाओं को कहा- ‘धन्यवाद’