Home » राजनीति » प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात, दमन और लक्षद्वीप को 22 हजार करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात, दमन और लक्षद्वीप को 22 हजार करोड़ की सौगात

PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 5 जून को गुजरात और दमन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का फायदा गुजरात, दमन एवं दीव के साथ-साथ लक्षद्वीप को भी मिलेगा। प्रधानमंत्री का यह दौरा बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, परिवहन और पर्यटन क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

सूरत को मिलेगी 18,800 करोड़ रुपये की परियोजनाएं

प्रधानमंत्री मोदी दोपहर में सूरत के हजीरा क्षेत्र पहुंचेंगे, जहां वह विभिन्न औद्योगिक और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद करीब 18,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज-7 को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा आदिवासी क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंच को आसान बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के फोर लेन विस्तार का शिलान्यास भी होगा।

PM Modi Gujarat Visit: सूरत में आधुनिक ESIC अस्पताल का उद्घाटन

प्रधानमंत्री सूरत में 220 बेड वाले आधुनिक ESIC अस्पताल का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार, वलसाड में बिजली वितरण उन्नयन, दहेज PCPIR और सारीगाम GIDC में अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं को भी गति मिलेगी।

PM Modi Gujarat Visit: दमन में NAMO एयरपोर्ट टर्मिनल और अस्पताल का उद्घाटन

शाम को प्रधानमंत्री दमन पहुंचेंगे, जहां वह नए NAMO एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही NAMO अस्पताल को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। सरकार के अनुसार नया एयरपोर्ट टर्मिनल क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करेगा, जबकि NAMO अस्पताल प्रतिदिन करीब 1,500 मरीजों को ओपीडी सेवाएं देने में सक्षम होगा।

दमन में पर्यटन और निवेश को बढ़ावा

दमन में करीब 2,970 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम होगा। इनमें लगभग 1,340 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 1,630 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। मुख्य परियोजनाओं में आइकॉनिक ब्रिज, दमन कन्वेंशन सेंटर और NIFT कैंपस शामिल हैं। माना जा रहा है कि इनसे पर्यटन, निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

लक्षद्वीप को भी मिलेगी बड़ी सौगात

PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री लक्षद्वीप के लिए करीब 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण बंदरगाह परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के तहत कलपेनी और कदमत द्वीपों पर आधुनिक पोर्ट सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे बड़े क्रूज जहाजों और यात्री पोतों के लिए सालभर सुरक्षित बर्थिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही यात्री परिवहन, कार्गो संचालन, मत्स्य प्रबंधन, ईंधन वितरण, बर्फ आपूर्ति और नौका मरम्मत जैसी सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा पश्चिमी भारत और द्वीपीय क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

 

 

ये भी पढ़े: Airtel यूजर्स परेशान! कॉल और इंटरनेट सेवाओं में आई दिक्कत, सोशल मीडिया पर शिकायतों की बाढ़