PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10 और 11 जुलाई को होने वाली न्यूजीलैंड यात्रा से पहले दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देने वाला बड़ा संकेत सामने आया है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर अहम घोषणा करते हुए कहा है कि समझौते के लागू होते ही भारत को निर्यात होने वाले न्यूजीलैंड के 57 प्रतिशत उत्पाद पहले ही दिन से शुल्क (टैरिफ) मुक्त हो जाएंगे। माना जा रहा है कि यह समझौता दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग को नई मजबूती देगा। करीब चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक मानी जा रही है।
व्यापार समझौते से खुलेंगे नए अवसर
प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि भारत के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौता न्यूजीलैंड के कारोबारों के लिए बड़े अवसर लेकर आएगा। उन्होंने बताया कि समझौते के पहले ही दिन भारत को निर्यात होने वाली न्यूजीलैंड की 57 प्रतिशत वस्तुएं टैरिफ मुक्त हो जाएंगी। इससे न्यूजीलैंड के निर्यातकों को भारतीय बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनने का अवसर मिलेगा और दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
PM Modi: 10-11 जुलाई को दो दिवसीय राजकीय दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 जुलाई को न्यूजीलैंड के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर रहेंगे। यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि लगभग 40 वर्षों बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री आधिकारिक तौर पर न्यूजीलैंड का दौरा करेगा। इस दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक, रणनीतिक और द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने पर विशेष जोर रहेगा। इस यात्रा को भारत की विदेश नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ऑकलैंड में होगी अहम द्विपक्षीय वार्ता
ऑकलैंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता होगी। बैठक में व्यापार, वाणिज्य, रक्षा, निवेश, प्रौद्योगिकी और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी प्रमुख उद्योगपतियों, व्यापार जगत के प्रतिनिधियों और खेल क्षेत्र की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। उनके भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को संबोधित करने की भी संभावना है।
PM Modi: हिंद-प्रशांत रणनीति को मिलेगी नई मजबूती
न्यूजीलैंड प्रधानमंत्री मोदी के तीन देशों के दौरे का अंतिम पड़ाव है। यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मजबूत साझेदारी की रणनीति का अहम हिस्सा मानी जा रही है। बदलते भू-राजनीतिक माहौल के बीच भारत व्यापार, रक्षा, निवेश, प्रौद्योगिकी और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाकर क्षेत्रीय साझेदारों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करना चाहता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरे से भारत और न्यूजीलैंड के बीच आर्थिक एवं रणनीतिक सहयोग का नया अध्याय शुरू हो सकता है
ये भी पढ़ें…वायरल थप्पड़ वीडियो के बाद चर्चा में आए मेरठ के SSP अविनाश पांडे कौन है?








