Home » उत्तर प्रदेश » वायरल थप्पड़ वीडियो के बाद चर्चा में आए मेरठ के SSP अविनाश पांडे कौन है?

वायरल थप्पड़ वीडियो के बाद चर्चा में आए मेरठ के SSP अविनाश पांडे कौन है?

कौन हैं मेरठ SSP अविनाश पांडे

Meerut News: मेरठ में बीए छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान सख्ती करते हुए नजर आ रहे हैं। इसी दौरान एक युवक को पुलिस वाहन के भीतर थप्पड़ मारने का दृश्य भी कैमरे में कैद हुआ, जिसके बाद उनकी कार्यशैली को लेकर बहस तेज हो गई है। हालांकि, यह पहला अवसर नहीं है जब अविनाश पांडे सुर्खियों में आए हों। इससे पहले भी उनके कई फैसले, सख्त कार्रवाई और प्रशासनिक शैली चर्चा का विषय बन चुकी है।

पहले जानें कौन हैं SSP अविनाश पांडे?

अविनाश पांडे उत्तर प्रदेश कैडर के 2015 बैच के IPS अधिकारी हैं। जिनका जन्म 3 फरवरी 1988 को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुआ था। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की है। पुलिस सेवा के दौरान वे पीलीभीत, मऊ और मेरठ सहित कई जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके अलावा गाजियाबाद में एसपी सिटी और प्रयागराज कुंभ मेले में भी उनकी तैनाती रही है। बेहतर पुलिसिंग के लिए उन्हें डीजीपी प्रशंसा चिह्न से दो बार सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें 15 अगस्त 2022 को सिल्वर मेडल और 26 जनवरी 2025 को गोल्ड मेडल प्रदान किया गया था।

Meerut News: अब जानिए क्या है पूरा मामला?

दरअसल, मेरठ की बीए छात्रा ललिता गौतम 15 मई को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं। दो दिन बाद, 17 मई को उनका शव रोहटा थाना क्षेत्र के एक गन्ने के खेत से बरामद हुआ। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन मृतका के परिजन और दलित समाज के लोगों ने आरोपी के अन्य कथित सहयोगियों और परिवार के सदस्यों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग मेरठ कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम होने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने आए वायरल वीडियो में SSP अविनाश पांडे कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ सख्ती करते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में एक युवक को थप्पड़ मारने का दृश्य भी नजर आता है, जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया

ईद के मौके पर आए थे चर्चा में

मार्च 2026 में ईद के मौके पर अविनाश पांडे ने कहा था कि सार्वजनिक सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा था कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनका यह बयान उस समय भी काफी चर्चा में रहा था। मेरठ में ही एक समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने एक इंस्पेक्टर से मामले की प्रगति की जानकारी मांगी थी। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने बैठक में ही अधिकारी को फटकार लगाई और बाद में उसके निलंबन के निर्देश दिए थे। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इतना ही नहीं मऊ में तैनाती के दौरान अविनाश पांडे ने माफिया मुख्तार अंसारी और उसके नेटवर्क के खिलाफ चलाए गए अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान पुलिस और प्रशासन ने अवैध संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई भी की थी।

Meerut News: वायरल वीडियो के बाद फिर सुर्खियों में SSP

फिलहाल ललिता गौतम हत्याकांड के विरोध प्रदर्शन के दौरान सामने आए वायरल वीडियो के बाद SSP अविनाश पांडे एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी कार्यशैली को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़े…  E20 पेट्रोल पर उठे सवालों का मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिया जवाब, बोले- पूरी तरह सुरक्षित है ईंधन