PM MODI NEWS: भारत दौरे पर आईं जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच गुरुवार को व्यापक द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में दोनों नेताओं ने रक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों और पहलों की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जापान के संबंधों की सबसे बड़ी ताकत दोनों देशों के बीच अटूट विश्वास है।
‘छोटी बहन’ ताकाइची का किया स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची का स्वागत करते हुए उन्हें दूरदर्शी और लोकप्रिय नेता बताया। उन्होंने कहा कि ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं और नारा प्रीफेक्चर से आती हैं, जो भारत-जापान की साझा बौद्ध विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
PM MODI NEWS: विश्वास को बताया सबसे बड़ी रणनीतिक पूंजी
पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में भारत और जापान की साझेदारी विश्वास की मजबूत नींव पर टिकी है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों में ऑटोमोबाइल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक जापान ने भारत की विकास यात्रा में अहम योगदान दिया है और अब दोनों देश अपनी विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं।
AI और आधुनिक तकनीक में बढ़ेगा सहयोग
दोनों नेताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में साझा विजन पेश करते हुए संयुक्त बयान जारी किया। भारतीय और जापानी संस्थानों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जापान की प्रीसिजन टेक्नोलॉजी और भारत की सॉफ्टवेयर क्षमता का संयोजन वैश्विक AI विकास को नई गति देगा।
PM MODI NEWS: रक्षा क्षेत्र में पहला संयुक्त विकास समझौता
भारत और जापान ने रक्षा क्षेत्र में अपने पहले संयुक्त विकास (को-डेवलपमेंट) प्रोजेक्ट पर सहमति बनाई। नेवल रेडियो एंटीना परियोजना के जरिए दोनों देश रक्षा प्रौद्योगिकी, समुद्री सुरक्षा और नियम-आधारित व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में साथ काम करेंगे।
10 ट्रिलियन येन निवेश का लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों का लक्ष्य अगले दस वर्षों में भारत में जापान से 10 ट्रिलियन येन का निवेश आकर्षित करना और जापानी कंपनियों की संख्या दोगुनी करना है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में 100 से अधिक नए व्यापारिक समझौते हुए हैं, जिनसे भारत में 10 बिलियन डॉलर से अधिक का जापानी निवेश आएगा।
PM MODI NEWS: ऊर्जा और सेमीकंडक्टर सहयोग पर जोर
बैठक में आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर संयुक्त रोडमैप तैयार किया गया। इसके तहत सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स और सप्लाई चेन को मजबूत करने पर सहमति बनी। साथ ही इंडिया-जापान बायोगैस पहल के तहत देश में 1000 बायोगैस एवं ऑर्गेनिक खाद संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य और नई पीढ़ी की मोबिलिटी पर भी समझौते
फार्मा, मेडिकल उपकरण और बायोटेक क्षेत्र में हुए समझौतों को वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया। वहीं, भारत-जापान नेक्स्ट जेनरेशन मोबिलिटी पार्टनरशिप फ्रेमवर्क के तहत ऑटोमोबाइल के साथ शिपबिल्डिंग, एविएशन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा।
PM MODI NEWS: 75वीं वर्षगांठ पर विशेष कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि अगले वर्ष भारत और जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मनाएंगे। इस अवसर पर पर्यटन, शिक्षा, शोध, स्टार्टअप, कौशल विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई गति देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत और जापान की साझेदारी दोनों देशों के विकास के साथ-साथ वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ये भी पढ़े… खामेनेई के अंतिम संस्कार से पहले ईरान ने अमेरिका-इजरायल को चेताया








