Home » उत्तर प्रदेश » प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत पर आश्रम का पहला बयान, लापता अनुज भी मिला

प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत पर आश्रम का पहला बयान, लापता अनुज भी मिला

Premanand Maharaj Ashram:

Premanand Maharaj Ashram: मथुरा में प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में 9 दिन बाद श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम की ओर से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। आश्रम ने कहा है कि वह पुलिस की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच में पूरा सहयोग कर रहा है। वहीं, इस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट में SIT या मजिस्ट्रियल जांच की मांग को लेकर जनहित याचिका भी दाखिल की गई है। दूसरी ओर, आश्रम से जुड़ा एक अन्य मामला भी सामने आया था, जिसमें तीन महीने से लापता 16 वर्षीय अनुज चौधरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है।

Premanand Maharaj Ashram: राधा केली कुंज आश्रम ने जारी किया बयान-

वृंदावन स्थित श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम ने रसिक दुलारी शरण की मौत के मामले में प्रेस नोट जारी किया है। इसमें आश्रम ने कहा कि साधक दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की दुखद मृत्यु से संत प्रेमानंद और पूरा आश्रम परिवार आहत है। ट्रस्ट ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना और सहानुभूति भी जताई है।

Premanand Maharaj Ashram: आश्रम बोला- जांच में पूरा सहयोग कर रहे-

आश्रम ने कहा कि ट्रस्ट पुलिस की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच में पूरा सहयोग कर रहा है। साथ ही जांच पूरी होने तक श्रद्धालुओं, साधकों और आम लोगों से अपुष्ट जानकारी, अफवाह या अनुमान के आधार पर किसी तरह का बयान या प्रचार नहीं करने की अपील की गई है। आश्रम के मुताबिक, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद घटना के वास्तविक तथ्य सामने आएंगे।

रसिक दुलारी की मौत पर उठ रहे सवाल-

रसिक दुलारी शरण ने कथित तौर पर छत से छलांग लगाकर जान दे दी थी। जांच के दौरान उसका प्राइवेट पार्ट कटा हुआ मिलने की बात भी सामने आई थी। बाद में घटना से जुड़ा CCTV फुटेज सामने आया, जिसमें वह छत से छलांग लगाता दिखाई दिया। हालांकि, उसकी मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

हाई कोर्ट में SIT जांच की मांग-

मामले को लेकर मथुरा के वकील प्रहलाद कृष्ण शुक्ला ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की है। याचिका में रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत की जांच के लिए SIT या मजिस्ट्रियल जांच जैसी उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने की मांग की गई है। याचिका में मृतक और उसके परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हाई कोर्ट के हस्तक्षेप की मांग की गई है।

तीन महीने से लापता 16 वर्षीय अनुज चौधरी मिला-

इसी बीच प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़ा एक दूसरा मामला भी सामने आया था। हाथरस जिले के सादाबाद से तीन महीने से लापता 16 वर्षीय अनुज चौधरी को शनिवार रात बरसाना पुलिस ने एक आश्रम से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद सादाबाद थाना पुलिस उसे अपने साथ ले गई।

प्रेमानंद महाराज से ली थी दीक्षा-

जानकारी के मुताबिक, अनुज की आध्यात्मिक मामलों में रुचि थी। इसी वजह से वह करीब तीन महीने पहले बिना बताए घर से निकलकर वृंदावन आ गया था। यहां उसने संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दीक्षा ली थी। बताया गया कि सांसारिक जीवन से उसका मोहभंग हो गया था और वह वापस घर नहीं लौटना चाहता था।

परिजनों ने आश्रम के बाहर दिया था धरना-

अनुज के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने केली कुंज आश्रम के बाहर धरना दिया था। पुलिस के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने अनुज चौधरी को बरामद कर लिया और उसे सादाबाद पुलिस के हवाले कर दिया।

यह भी पढ़े- कॉकपिट में हमला, घायल हुए स्मित मच्छार… फिर कैसे 2 पायलटों ने संभाला FlyDubai विमान? समझिए पूरी कहानी