Punjab Railway Blast: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास हुए विस्फोट की घटना के बाद देशभर में रेलवे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी कड़ी में रविवार को गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
एहतियातन चलाया गया तलाशी अभियान
सुरक्षा एजेंसियों ने यह कार्रवाई किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टालने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की। पंजाब की घटना के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर निगरानी और जांच बढ़ा दी है।
Punjab Railway Blast: GRP–RPF की संयुक्त कार्रवाई
गोधरा रेलवे स्टेशन पर दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच यह अभियान चलाया गया। सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में स्पेशल बम डिस्पोजल स्क्वाड और विस्फोटक पहचान में प्रशिक्षित डॉग स्क्वाड की टीमें तैनात रहीं।
Punjab Railway Blast: स्टेशन परिसर और ट्रैक की बारीकी से जांच
करीब एक घंटे तक चले इस सघन अभियान में रेलवे प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, आवागमन क्षेत्र, रेलवे यार्ड, यात्रियों के सामान और रेलवे ट्रैक के आसपास के इलाकों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, विस्फोटक सामग्री या अनधिकृत गतिविधि को पूरी तरह खारिज करने के लिए हर पहलू से जांच की गई।
कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, सतर्कता जारी
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला, जिसके बाद स्थिति को सामान्य घोषित कर दिया गया। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी सतर्कता का स्तर ऊंचा रखा जाएगा और जरूरत पड़ने पर ऐसे अभियान दोबारा चलाए जाएंगे।
पंजाब की घटना ने बढ़ाई चिंता
गौरतलब है कि शुक्रवार रात पंजाब के सरहिंद रेलवे स्टेशन से करीब पांच किलोमीटर दूर खानपुर गांव के पास विस्फोट हुआ था। इसमें मालगाड़ियों के लिए इस्तेमाल होने वाली रेलवे पटरी का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना के समय एक मालगाड़ी गुजर रही थी, जिसके चलते इंजन पटरी से उतर गया। इस हादसे में लोको पायलट को मामूली चोट आई थी, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे देश में एहतियाती कदम उठा रही हैं।
यह भी पढे़ : साल 2026 के पद्म अवॉर्ड्स का आज ऐलान, 45 हस्तियों को मिलेगा पद्मश्री सम्मान







