Rahul Gandhi On Exam: राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने CUET-UG 2026 परीक्षा के दौरान हुई तकनीकी गड़बड़ी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की परीक्षा प्रणाली लगातार विवादों और अव्यवस्थाओं का सामना कर रही है, जिससे करोड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “NEET, CBSE, SSC और अब CUET। चार परीक्षाएं, एक करोड़ छात्र और एक भी परीक्षा ईमानदारी से नहीं हुई।” उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा कि “दावे विश्वगुरु बनने के हैं, लेकिन देश में एक परीक्षा भी सही तरीके से नहीं करवा सकते।”
CUET-UG परीक्षा में हुई थी देरी
कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 के दौरान देश के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्याएं सामने आईं, जिसके कारण परीक्षा निर्धारित समय से देर से शुरू हुई। इससे अभ्यर्थियों और अभिभावकों के बीच चिंता की स्थिति बन गई। हालांकि, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (National Testing Agency) (NTA) ने स्पष्ट किया कि तकनीकी गड़बड़ी को जल्द ठीक कर लिया गया था और प्रभावित छात्रों को पूरा परीक्षा समय दिया गया, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान न हो।
Rahul Gandhi On Exam: NTA ने मांगी असुविधा के लिए माफी
NTA ने बयान जारी कर कहा कि सुबह की शिफ्ट के सभी उम्मीदवारों को निर्धारित अवधि के बराबर पूरा समय दिया गया। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया। सहायता के लिए NTA ने हेल्पलाइन नंबर और ईमेल सुविधा भी उपलब्ध कराई है। एजेंसी का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
परीक्षा प्रणाली पर फिर छिड़ी बहस
हाल के महीनों में NEET, SSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर उठे विवादों के बाद CUET-UG में आई तकनीकी बाधा ने एक बार फिर देश की परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष सरकार और शिक्षा तंत्र की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है, जबकि NTA का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।
CUET-UG 2026 परीक्षा 11 मई से शुरू हुई थी और 31 मई तक विभिन्न शिफ्टों में आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर के लाखों छात्र स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए शामिल हो रहे हैं।
NEET। CBSE। SSC। और आज CUET।
चार परीक्षाएँ। एक करोड़ बच्चे। एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाई।
दावे “विश्वगुरु” के, मगर देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते – मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है।
जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं – वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 30, 2026
ये भी पढ़े… SIR को लेकर ओवैसी ने क्यों कहा- ‘डरा नहीं, हकीकत बता रहा हूं’? जानिए पूरी बात








