Home » राजनीति » राहुल गांधी का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च खत्म, INDIA गठबंधन ने दाखिल की याचिका

राहुल गांधी का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च खत्म, INDIA गठबंधन ने दाखिल की याचिका

Rahul Gandhi:

Rahul Gandhi: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 12 अक्टूबर को INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया। विपक्ष की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर याचिका दाखिल की गई है। विपक्ष ने SIR की प्रक्रिया पर रोक लगाने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी उठाई है। सुप्रीम कोर्ट से बाहर निकलने के बाद राहुल गांधी का मार्च समाप्त हो गया।

Rahul Gandhi: सुप्रीम कोर्ट से बाहर निकले राहुल गांधी, लीगल टीम से की मुलाकात-

कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत INDIA गठबंधन के नेता सुप्रीम कोर्ट पहुंचे। यहां राहुल गांधी ने अपनी लीगल टीम से मुलाकात की। इससे पहले राहुल गांधी की बस को भगवानदास रोड पर रोक दिया गया था। इसके बाद वह कुछ नेताओं के साथ सुप्रीम कोर्ट परिसर पहुंचे। याचिका दाखिल होने के बाद राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के बाहर निकलने के साथ ही INDIA गठबंधन का मार्च समाप्त हो गया।

Rahul Gandhi: SIR और कथित वोट चोरी को लेकर दाखिल हुई याचिका-

राहुल गांधी की ओर से सुप्रीम कोर्ट में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कथित तौर पर बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने और अनियमितताओं को लेकर याचिका दाखिल की गई है। विपक्षी नेताओं ने इस प्रक्रिया पर रोक लगाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। याचिका में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में किए जा रहे संशोधनों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

राहुल गांधी के मार्च में शामिल हुईं प्रियंका गांधी-

INDIA गठबंधन का मार्च बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट की ओर निकला। इसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। शुरुआत में नेता बस से रवाना हुए, लेकिन बाद में उन्होंने पैदल मार्च किया। मार्च के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया गया। इससे पहले विपक्षी नेताओं ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई थी। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने उनसे मुलाकात करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नेताओं ने न्यायिक प्रक्रिया के तहत याचिका दाखिल करने का फैसला किया।

अखिलेश यादव बोले- संघर्ष जारी रहेगा-

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने INDIA गठबंधन के विरोध प्रदर्शन को लेकर कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है और आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियां हो रही हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी कानूनी और व्यावहारिक रास्ते अपनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान बदलने से विपक्ष की आवाज नहीं दबाई जा सकती और लोकतंत्र के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

दिल्ली में 20 लाख मतदाताओं के नाम जोड़े गए: चुनाव आयोग-

दिल्ली में मतदाता सूची को लेकर जारी विवाद के बीच चुनाव आयोग ने बताया कि राज्य में छूटे हुए 33 लाख मतदाताओं में से 20 लाख के नाम मतदाता सूची में जोड़ दिए गए हैं। वहीं, विपक्षी दल SIR की प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। इस मुद्दे पर दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन भी हो रहे हैं।

दिल्ली में प्रदर्शन के लिए तीन नई जगहें तय-

दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के आयोजन को लेकर गृह मंत्रालय ने तीन स्थान निर्धारित किए हैं। इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान शामिल हैं। यह फैसला प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थानों की समीक्षा करने के बाद लिया गया है। इससे पहले जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर भी विवाद सामने आया था।

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पर टिकी नजरें-

SIR की प्रक्रिया और कथित वोट चोरी को लेकर विपक्ष की ओर से दाखिल याचिका पर अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई महत्वपूर्ण होगी। विपक्ष ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की जांच और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की मांग की है। इस मामले में अदालत का रुख आगे की कानूनी प्रक्रिया और विपक्ष की मांगों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

यह भी पढ़े- राहुल गांधी की याचिका में चुनाव आयोग के खिलाफ क्या मांगें? अखिलेश-तेजस्वी समेत 11 नेता याचिकाकर्ता