Home » उत्तर प्रदेश » दान राशि में कथित गड़बड़ी पर बड़ा बवाल! 2 करोड़ की बरामदगी के दावे से मचा हड़कंप

दान राशि में कथित गड़बड़ी पर बड़ा बवाल! 2 करोड़ की बरामदगी के दावे से मचा हड़कंप

RAM MANDIR NEWS: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले ने मंगलवार को नया मोड़ ले लिया। मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन अलग-अलग संगठनों और राजनीतिक दलों की ओर से शिकायतें देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग तेज हो गई है। इसी बीच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) लगातार दूसरे दिन जांच के लिए राम मंदिर परिसर पहुंची और संदिग्ध कर्मचारियों से पूछताछ की।

दो शिकायतें, FIR की मांग तेज

धर्मसेना के संस्थापक संतोष दुबे ने राम जन्मभूमि थाने में शिकायती आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उनका आरोप है कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए धन के प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। वहीं, यूपी युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने भी मंदिर चढ़ावा मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने की घोषणा की है।

RAM MANDIR NEWS: दूसरे दिन जांच के लिए पहुंची SIT

तीन सदस्यीय SIT मंगलवार सुबह जांच के लिए राम मंदिर पहुंची। टीम के साथ अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। जांच टीम ट्रस्ट के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और वित्तीय व्यवस्था से जुड़े लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को टीम ने ट्रस्ट महासचिव चंपत राय, ट्रस्ट सदस्य गोपाल राव समेत कई कर्मचारियों से पूछताछ की थी। करीब 42 कर्मचारियों से सवाल-जवाब किए गए थे।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। सुरक्षा अधिकारियों ने SIT को बताया कि मंदिर परिसर में प्रवेश के समय कर्मचारियों की तलाशी ली जाती थी, लेकिन बाहर निकलते समय जांच नहीं होती थी। अब जांच एजेंसियां इसी पहलू को भी गंभीरता से खंगाल रही हैं।

RAM MANDIR NEWS: अब तक 2 करोड़ रुपये बरामद होने का दावा

सूत्रों के अनुसार, मामले में अब तक पांच लोगों लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर के नाम सामने आए हैं। इनकी निशानदेही पर करीब दो करोड़ रुपये नकद बरामद किए जाने का दावा किया गया है। ये सभी चढ़ावे की गिनती और प्रबंधन से जुड़े कार्यों में तैनात बताए जा रहे हैं। लवकुश और अनुकल्प फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है।

सियासत भी गरमाई

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पहले ही इस मामले की न्यायिक जांच की मांग कर चुके हैं। वहीं सपा नेता शिवपाल यादव ने भी कथित गबन की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता बताई है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों पर गोली चलवाते थे, आज वे भी रामभक्ति की बात कर रहे हैं।

RAM MANDIR NEWS: देवकीनंदन ठाकुर ने की सख्त कार्रवाई की मांग

कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर (Devkinandan Thakur) ने कहा कि यदि किसी ने भगवान राम के नाम पर चढ़ाए गए धन के साथ गलत किया है तो उससे धन वापस लेकर उसे तत्काल जिम्मेदारी वाले पद से हटाया जाना चाहिए।

SIT में शामिल हैं तीन वरिष्ठ अधिकारी

राज्य सरकार द्वारा गठित SIT की अध्यक्षता लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत कर रहे हैं। टीम में आईजी रेंज किरन एस. और वित्त विभाग के विशेष सचिव नीलरतन भी शामिल हैं। जांच टीम वित्तीय लेन-देन, दान व्यवस्था, ऑडिट रिकॉर्ड और सुरक्षा प्रबंधन की गहन समीक्षा कर रही है।

RAM MANDIR NEWS: आस्था और जवाबदेही दोनों पर नजर

राम मंदिर में चढ़ावा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। ऐसे में मामले की जांच को लेकर न केवल राजनीतिक दल बल्कि संत समाज और रामभक्तों की भी नजरें SIT की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। अब सबकी निगाह इस बात पर है कि जांच के बाद क्या एफआईआर दर्ज होगी और किन लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े… ट्विशा शर्मा मौत केस में बड़ा अपडेट: रिटायर्ड जज और बेटे की न्यायिक हिरासत 30 जून तक बढ़ी, CBI जांच तेज