Home » Breaking News » मुहर्रम जुलूस में मातम! हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, 3 की मौत; 10 से ज्यादा झुलसे, 5 की हालत गंभीर

मुहर्रम जुलूस में मातम! हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, 3 की मौत; 10 से ज्यादा झुलसे, 5 की हालत गंभीर

Ratlam Tazia News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जुलूस के दौरान ताजिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैल गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग झुलस गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।

जुलूस में मची अफरा-तफरी, कई लोग जमीन पर गिरे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मुहर्रम का ताजिया जुलूस गांव से गुजर रहा था, जिसमें करीब 200 लोग शामिल थे। इसी दौरान लगभग 20 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकरा गया। संपर्क होते ही तेज करंट फैल गया और जुलूस के आगे चल रहे कई लोग जमीन पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

Ratlam Tazia News: तीन मौतों की पुष्टि, पांच गंभीर

हादसे में रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान की मौत हुई। हालांकि प्रशासन ने दो मौतों की पुष्टि की है, जबकि मेडिकल कॉलेज के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. रविंद्र सोलंकी ने तीन लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की जानकारी दी। घायलों में अनास (16), मोइन शाह, रहीम खान, अख्तियार खान, इरफान सहित कई लोग शामिल हैं। पांच गंभीर घायलों का इलाज रतलाम मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बिजली लाइन की ऊंचाई पर उठाए सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन सामान्य मानकों की तुलना में काफी नीचे थी। उनका आरोप है कि हादसे के समय मौके पर न पुलिस मौजूद थी और न ही बिजली विभाग का कोई कर्मचारी। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि पहले से सुरक्षा व्यवस्था रहती तो इस हादसे को टाला जा सकता था।

Ratlam Tazia News: हादसे का वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करंट लगने के बाद जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। कई लोग जमीन पर गिरे नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग घायलों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कोशिश करते दिख रहे हैं।

Ratlam Tazia News
                                               Ratlam Tazia News

प्रशासन ने शुरू की जांच

रतलाम एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई। वहीं एसडीएम तरुण जैन ने बताया कि मृतकों और घायलों का पूरा विवरण जुटाया जा रहा है और पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े… राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: 8 आरोपियों के घरों से लाखों रुपये कैश बरामद, जानिए कौन-कौन हैं