Breaking News
Home » बिहार » समस्तीपुर में शराब तस्करों पर बड़ी चोट, एक करोड़ की विदेशी शराब जब्त

समस्तीपुर में शराब तस्करों पर बड़ी चोट, एक करोड़ की विदेशी शराब जब्त

Samastipur News
Samastipur News

Samastipur News: नए साल के जश्न और पंचायत चुनाव को देखते हुए मद्य निषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराबबंदी के बाद अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक ट्रक से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई है। इस दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शराब तस्करी से जुड़ा मुख्य कारोबारी फरार बताया जा रहा है। मद्य निषेध विभाग के अनुसार, यह अब तक की सबसे बड़ी विदेशी शराब की खेप है, जिसे समस्तीपुर में पकड़ा गया है।

एनएच-22 पर ट्रक से पकड़ी गई शराब

मामले में जानकारी देते हुए मद्य निषेध अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के एनएच-22 पर लाटबसेपुरा के पास स्थित पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़ ढाबा के नजदीक छापेमारी की गई। इस दौरान एक बारह चक्का ट्रक को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। जांच में ट्रक से करीब 9 हजार लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब प्रिंसिपल प्रीमियम व्हिस्की ब्रांड की है, जिसे कुल 1015 कार्टून में रखा गया था। प्रत्येक कार्टून में 180 एमएल क्षमता की 48 प्लास्टिक बोतलें पाई गईं।

Samastipur News: ट्रक चालक गिरफ्तार, तस्कर फरार

कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक नबाब खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, शराब की खेप मंगवाने वाला मुख्य कारोबारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मद्य निषेध विभाग और पुलिस की टीम फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

शराब तस्करी रैकेट की जांच तेज

अधिकारियों का कहना है कि यह शराब किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। पुलिस इस पूरे शराब रैकेट का खुलासा करने में जुटी हुई है और जल्द ही इसमें शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। नए साल और चुनावी माहौल को देखते हुए जिले में शराब तस्करों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।

Report By: रमेश शंकर

ये भी पढ़े… छपरा में दर्दनाक हादसा: रात में जलती अंगीठी बनी मौत की वजह, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत