Samrat Choudhary: बिहार की राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिला। सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने अपना पहला बयान देते हुए साफ कहा कि अब राज्य में “मोदी-नीतीश मॉडल” के तहत ही काम आगे बढ़ेगा।
शपथ ग्रहण के बाद पहला बयान
सम्राट चौधरी ने कहा, “मैं आज से ही बिहार के विकास के लिए काम शुरू करूंगा। हमारी प्राथमिकता राज्य को आगे ले जाना है और उसी दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।”दरअसल, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार की सत्ता में यह बदलाव देखने को मिला। अब पहली बार राज्य में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री बनाया गया है।

समर्थकों में उत्साह, लोकभवन के बाहर नारेबाजी
शपथ लेने के तुरंत बाद सम्राट चौधरी ने कार्यभार संभाल लिया। इस दौरान पटना स्थित लोकभवन के बाहर समर्थकों ने नारेबाजी भी की, हालांकि उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि सरकार की दिशा वही रहेगी जो अब तक विकास के नाम पर तय की गई थी।
इधर, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भरोसा जताया कि सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार के अधूरे कामों को पूरा करेंगे और बिहार को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में जो नींव रखी है, उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब नए मुख्यमंत्री पर है।वहीं, भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने भी इसे बिहार के लिए सकारात्मक बदलाव बताया और कहा कि राज्य अब विकास के नए चरण में प्रवेश करेगा।

Samrat Choudhary: उपमुख्यमंत्री भी हुए शामिल
गौरतलब है कि सम्राट चौधरी इससे पहले बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री थे। अब उनके नेतृत्व में सरकार काम करेगी, जबकि उपमुख्यमंत्री के तौर पर जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र कुमार यादव ने भी शपथ ली है।बिहार की राजनीति में यह बदलाव आने वाले समय में राज्य की दिशा और विकास पर कितना असर डालता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Written by- Kanishka Ram
ये भी पढ़े…33% महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी तेज, 2029 तक लागू करने की योजना








