Breaking News
Home » अंतर्राष्ट्रीय » PM मोदी की उज्बेकिस्तान-किर्गिस्तान यात्रा, कई अहम मुद्दों पर होगी बातचीत

PM मोदी की उज्बेकिस्तान-किर्गिस्तान यात्रा, कई अहम मुद्दों पर होगी बातचीत

SCO MODI: PM मोदी की SCO के लिए उज्बेकिस्तान-किर्गिस्तान यात्रा

SCO MODI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य की महत्वपूर्ण यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह पहले ताशकंद में उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और इसके बाद बिश्केक में 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री की यह यात्रा मध्य एशिया के साथ भारत के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

ताशकंद में राष्ट्रपति मिर्जियोयेव से मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी 29 और 30 अगस्त को उज्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर होने वाली यह उनकी उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी। दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी, जिसमें व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और जन-जन संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी। वार्ता के दौरान दोनों देश भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव 2047 तक विकसित भारत और 2030 तक उज्बेकिस्तान के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचार साझा करेंगे।

SCO MODI: शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र जाएंगे

ताशकंद यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के शास्त्री स्मारक जाने की उम्मीद है। वह ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज स्थित महात्मा गांधी केंद्र का भी दौरा कर सकते हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए भारत और उज्बेकिस्तान के ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक संबंधों को भी रेखांकित किया जाएगा।

बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे

ताशकंद के बाद प्रधानमंत्री 31 अगस्त और 1 सितंबर को किर्गिज गणराज्य की राजधानी बिश्केक में आयोजित 26वें SCO शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। यह सम्मेलन SCO की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। भारत 2017 से संगठन का पूर्ण सदस्य है। प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर से जुड़ी भारत की प्राथमिकताओं को सामने रखेंगे। वह SCO नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री मध्य एशिया की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे।

 

ये भी पढ़ें…Disaster in Nepal: मौत सामने खड़ी है, मगर वे लाशों से सोना निकाल रहे हैं; आपदा में भी अवसर!