Home » Breaking News » ‘राम का विरोध करने वाले अब शिवजी की बात कर रहे’, राहुल गांधी के मार्च पर शिवराज का तंज

‘राम का विरोध करने वाले अब शिवजी की बात कर रहे’, राहुल गांधी के मार्च पर शिवराज का तंज

Shivraj attacks Rahul: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध और राहुल गांधी के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट तक निकाले जा रहे मार्च को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी के इस कदम को ‘विशुद्ध नौटंकी’ बताते हुए कहा कि जो लोग पहले भगवान राम का विरोध करते थे, वे अब शिवजी की बात कर रहे हैं। चौहान ने मार्च में शामिल लोगों पर अराजकता फैलाने का आरोप भी लगाया।

‘शिवजी की बारात’ वाले बयान पर शिवराज का तंज

राहुल गांधी ने विपक्षी सांसदों और नेताओं के बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च को ‘शिवजी की बारात’ बताया था। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इसे शिवजी की बारात कहना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, यह अराजकता फैलाने वाले लोगों का समूह है।

भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान चौहान ने राहुल गांधी के प्रधान न्यायाधीश से मिलने के लिए मार्च करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधान न्यायाधीश से मुलाकात के लिए एक निर्धारित प्रक्रिया होती है। कोई भी व्यक्ति केवल पत्र लिखकर अपनी इच्छा के मुताबिक उनसे मिलने नहीं जा सकता। उन्होंने इस मार्च को राजनीतिक दिखावा करार दिया।

Shivraj attacks Rahul: कांग्रेस के ‘विचार-शून्य’ नेतृत्व पर निशाना

शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पिछले कई वर्षों से संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रही है और चुनाव में हार के बाद निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार ठहराती है। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपनी हार के कारणों पर विचार करना चाहिए, क्योंकि इसके लिए उसका नेतृत्व जिम्मेदार है।

Shivraj attacks Rahul
                                                               Shivraj attacks Rahul

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के नेतृत्व को ‘विचार-शून्य’ बताते हुए दावा किया कि पार्टी कई राज्यों में कमजोर हुई है। उनके अनुसार, कांग्रेस अब अलग-अलग राज्यों में क्षेत्रीय दलों के सहारे राजनीति कर रही है और कई जगह जूनियर पार्टनर की भूमिका में है।

क्षेत्रीय दलों पर निर्भरता का भी लगाया आरोप

चौहान ने कांग्रेस को ‘जूनियर पार्टनर’ और ‘परजीवी पार्टी’ बताते हुए बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी या बहुजन समाज पार्टी और झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निर्भर होने का आरोप लगाया। यह बयान ऐसे समय आया है, जब मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विपक्ष का विरोध जारी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों और नेताओं ने बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया। विपक्ष की इस राजनीतिक कार्रवाई पर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

ये भी पढ़े… ‘टेंशन मत लीजिए, आपको छोड़ेंगे नहीं’, CEC ज्ञानेश कुमार पर राहुल गांधी का निशाना