Home » अंतरराष्ट्रीय » ऑस्ट्रेलिया में बदले टूरिस्ट वीजा के नियम, भारतीय यात्रियों के लिए रिटर्न टिकट अनिवार्य

ऑस्ट्रेलिया में बदले टूरिस्ट वीजा के नियम, भारतीय यात्रियों के लिए रिटर्न टिकट अनिवार्य

Australia Visa Rules:

Australia Visa Rules: ऑस्ट्रेलिया जाने की योजना बना रहे भारतीय पर्यटकों के लिए जरूरी खबर है। ऑस्ट्रेलिया ने टूरिस्ट वीजा के नियमों में बदलाव किया है। शनिवार से लागू नए नियमों के तहत अब पर्यटक ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद अपने वीजा की अवधि नहीं बढ़ा सकेंगे। इसके अलावा भारतीय यात्रियों के लिए वापसी का टिकट रखना भी अनिवार्य होगा। ऑस्ट्रेलिया अधिकतम 12 महीने की अवधि का टूरिस्ट वीजा जारी करता है, लेकिन किसी पर्यटक को वास्तव में कितने समय तक वहां रहने की अनुमति मिलेगी, यह वीजा अधिकारी तय करते हैं। नए नियमों का असर भारत से ऑस्ट्रेलिया जाने वाले पर्यटकों पर भी पड़ेगा।

Australia Visa Rules: कितनी है ऑस्ट्रेलिया के टूरिस्ट वीजा की फीस?

ऑस्ट्रेलियाई गृह मंत्रालय के मुताबिक, साल 2025 में करीब 4.51 लाख भारतीय ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। वहीं, 2024 में यह संख्या करीब 3 लाख थी। ऐसे में नए वीजा नियमों का असर बड़ी संख्या में भारतीय यात्रियों पर पड़ सकता है। ऑस्ट्रेलिया के टूरिस्ट वीजा के लिए करीब 15 हजार रुपये फीस चुकानी पड़ती है। वहीं, स्टूडेंट वीजा का खर्च करीब 1.50 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।

Australia Visa Rules: बायोमेट्रिक जांच का दायरा भी बढ़ा

ऑस्ट्रेलिया ने 26 अक्टूबर से भारत में वीजा आवेदन प्रक्रिया के तहत बायोमेट्रिक जांच का दायरा भी बढ़ाया है। इसके तहत ऑस्ट्रेलिया का गृह मंत्रालय आवेदकों को ईमेल के जरिए जानकारी देगा कि उन्हें बायोमेट्रिक्स देने की जरूरत है या नहीं। मंत्रालय आवेदक या उसके एजेंट को बायोमेट्रिक्स जमा करने से जुड़े जरूरी निर्देश भी भेजेगा। इसके बाद आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी जांच पूरी करनी होगी।

भारत में कहां जमा होंगे बायोमेट्रिक्स?

भारत में ऑस्ट्रेलिया के 16 बायोमेट्रिक्स कलेक्शन सेंटर मौजूद हैं। इनका संचालन VFS ग्लोबल करती है। जरूरत पड़ने पर आवेदकों को इनमें से किसी एक सेंटर पर जाकर अपनी बायोमेट्रिक जानकारी जमा करनी पड़ सकती है। इसके अलावा कुछ पात्र आवेदकों को Australian Immi App के जरिए डिजिटल रूप से बायोमेट्रिक्स देने की सुविधा भी मिल सकती है।

यह भी पढ़े- क्या क्रिकेट के बाद राजनीति की पिच पर उतरेंगे मोहम्मद शमी? इस एक्सप्लेनर में जानिए नितिन नवीन से मुलाकात की असल वजह