SIR IN Saharanpur: सहारनपुर जिले के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने हाल ही में कलेक्ट्रेट में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर SIR (Systematic Intensive Review) सर्वेक्षण के नतीजे साझा किए। इस सर्वे में पूरे जिले के मतदाता सूची का विस्तृत विश्लेषण किया गया। सर्वेक्षण के दौरान पता चला कि जिले में कुल 4,32,534 मतदाता कम हुए हैं। इस कमी के पीछे विभिन्न कारण सामने आए हैं, जिनमें मृतक मतदाता, अनुपस्थित मतदाता, स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित मतदाता, डुप्लीकेट एंट्री और अन्य श्रेणियों के मतदाता शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने की नागरिकों से अपील
सर्वेक्षण की संख्याओं के अनुसार, जिले में 74,666 मृतक मतदाता, 90,013 अनुपस्थित मतदाता, 2,05,472 परमानेंट शिफ्टेड (स्थायी रूप से स्थानांतरित) मतदाता, 47,549 डुप्लीकेट मतदाता, और 14,834 अन्य श्रेणी के मतदाता पाए गए। इससे पहले जिले की सातों विधानसभाओं में कुल 26,42,675 मतदात थे, जबकि अब केवल 22,10,141 सक्रिय मतदाता बचे हैं।
SIR IN Saharanpur: मतदाता सूची में दर्ज कराएँ नाम
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने और अपने परिवार के बचे हुए मतदाताओं का नाम फॉर्म-6 के माध्यम से अपडेट कराएँ। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों को भी प्रेरित किया जो विदेश में रह रहे हैं या जिन्होंने हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी की है कि वे भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएँ। DM बंसल ने कहा कि यह प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत बनाने और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार का सही उपयोग सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि SIR सर्वे का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को वास्तविक और अद्यतन बनाना है, ताकि किसी भी तरह की डुप्लीकेट एंट्री या मृतक/स्थानांतरित मतदाता की जानकारी को हटा कर सूची में केवल सही और सक्रिय मतदाता ही बने रहें। इसके साथ ही यह सुनिश्चित किया जा सके कि आगामी चुनावों में किसी प्रकार की गड़बड़ी या त्रुटि न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कदम जिले में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और वैधता को बढ़ाने के लिए उठाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जिन क्षेत्रों में मतदाता कम पाए गए हैं, वहां संबंधित अधिकारी और मतदान कर्मियों को सतर्क किया गया है ताकि वे सभी बचे हुए मतदाताओं का फॉर्म-6 भरने में मदद कर सकें।
नए मतदाताओं से भी की अपील
DM ने विशेष रूप से युवाओं और नए मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें और अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएँ। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार और समुदाय के स्तर पर लोगों को जागरूक करना आवश्यक है ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे।
Report By: Deepak Tiwari
ये भी पढ़े… रालोद छोड़ आजाद समाज पार्टी में शामिल हुए राव केसर






