Home » मनोरंजन » सोनम वांगचुक की हालत देख भावुक हुआ बॉलीवुड, जीनत अमान-नसीरुद्दीन शाह ने उठाई आवाज

सोनम वांगचुक की हालत देख भावुक हुआ बॉलीवुड, जीनत अमान-नसीरुद्दीन शाह ने उठाई आवाज

सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरा बॉलीवुड

Sonam Wangchuk: लद्दाख के प्रसिद्ध शिक्षाविद और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल अब 17वें दिन में पहुंच गई है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे इस आंदोलन ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने वांगचुक का ताजा स्वास्थ्य बुलेटिन जारी किया, जिसके बाद उनके समर्थकों की चिंता और बढ़ गई।उन्होंने बताया कि लंबे समय से भोजन नहीं करने की वजह से सोनम वांगचुक का वजन करीब 8.2 से 8.5 किलोग्राम तक घट गया है। उनका ब्लड प्रेशर 109/70 दर्ज किया गया है, जबकि ब्लड ग्लूकोज लेवल गिरकर 67 mg/dL तक पहुंच गया है, जिसे गंभीर स्थिति माना जा रहा है। उनकी लगातार बिगड़ती सेहत को देखते हुए कई बॉलीवुड कलाकार भी उनके समर्थन में सामने आए हैं और केंद्र सरकार से जल्द बातचीत शुरू करने की अपील की है।

जीनत अमान ने सरकार से संवाद की अपील की

दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान, अभिनेता अभय देओल और कई अन्य कलाकारों ने केंद्र सरकार से इस मामले में बातचीत करने का आग्रह किया है। जीनत अमान ने अपने इंस्टाग्राम पर सोनम वांगचुक की तस्वीर साझा करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी।उन्होंने लिखा कि उनके विचार इस समय दिल्ली की ओर हैं, जहां सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल 17वें दिन में पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि खबरों के अनुसार वांगचुक की मांसपेशियां कमजोर हो रही हैं और वे तेज दर्द का सामना कर रहे हैं। जीनत ने वांगचुक का वह बयान भी साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा था, “मुझसे अनशन खत्म करने के लिए मत कहिए। इसके बजाय सरकार से पूछिए कि वे हमसे बातचीत क्यों नहीं कर रहे हैं।”

वांगचुक के योगदान का किया जिक्र

जीनत अमान ने अपनी पोस्ट में लिखा कि सोनम वांगचुक केवल एक सामाजिक कार्यकर्ता नहीं हैं। वे ‘सेकमोल’ के संस्थापक, आइस स्तूप के आविष्कारक, लद्दाख में शिक्षा सुधार के प्रमुख चेहरे और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ में आमिर खान का लोकप्रिय किरदार ‘फुंसुक वांगडू’ सोनम वांगचुक से ही प्रेरित था।उन्होंने कहा कि भारत में शांतिपूर्ण विरोध की लंबी परंपरा रही है और सरकार की जिम्मेदारी है कि ऐसे आंदोलनों का समाधान बातचीत के जरिए निकाला जाए। उन्होंने यह भी कहा कि समाज को अपने देश के महत्वपूर्ण विचारकों को इस तरह संघर्ष करते हुए चुपचाप नहीं देखना चाहिए।

अभय देओल ने भी जताई चिंता

अभिनेता अभय देओल ने भी सोशल मीडिया पर सोनम वांगचुक की एक तस्वीर साझा की। उन्होंने किसी लंबी बात के बजाय सिर्फ एक टूटे हुए दिल का इमोजी पोस्ट कर अपनी चिंता और दुख व्यक्त किया।

इस बीच अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह, लेखिका अरुंधति रॉय, अर्थशास्त्री जयंती घोष और कई अन्य प्रमुख हस्तियों ने एक संयुक्त बयान जारी किया।इस बयान में सभी ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया और उनसे भावुक अपील की कि वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त करें। साथ ही उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलनकारियों का आभार जताया, जिन्होंने सरकार के खिलाफ इस अभियान का नेतृत्व किया। बयान में प्रदर्शनकारियों के साहस, दृढ़ संकल्प और हिम्मत की भी सराहना की गई।

ओमी वैद्य ने भी किया समर्थन

फिल्म ‘3 इडियट्स’ में ‘चतुर’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सोनम वांगचुक का समर्थन किया।उन्होंने कहा कि फिल्म में आमिर खान का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था। वांगचुक की बिगड़ती तबीयत पर चिंता जताते हुए उन्होंने लोगों से अपील की कि वे उनके समर्थन में आगे आएं, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए। उन्होंने कहा, “फुंसुक वांगडू को मरने मत देना।”

NEET विवाद और 24 दिनों से जारी आंदोलन

दिल्ली के जंतर-मंतर पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन पिछले 24 दिनों से लगातार जारी है।59 वर्षीय शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक 28 जून को इस आंदोलन में शामिल हुए थे। उन्होंने CJP के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी, जो अब 17वें दिन में पहुंच चुकी है। लंबे समय से भोजन नहीं करने के कारण उनकी सेहत लगातार खराब हो रही है।वांगचुक की मांग है कि सरकार उनकी बात और उनकी मांगों को सुने। उनकी प्रमुख मांगों में से एक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी शामिल है।

यह भी पढे़…सालों पुराने ‘जोकर-चाटुकार’ विवाद पर अनुपम खेर ने तोड़ी चुप्पी, बताया अब नसीरुद्दीन शाह से कैसे हैं रिश्ते