Home » राष्ट्रीय » सोनम वांगचुक बोले- सरकार भरोसा दे तो आज ही खत्म कर दूंगा अनशन, छात्रों पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए

सोनम वांगचुक बोले- सरकार भरोसा दे तो आज ही खत्म कर दूंगा अनशन, छात्रों पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए

Sonam Wangchuk:

Sonam Wangchuk: जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में अनशन कर रहे सोनम वांगचुक ने बुधवार शाम गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यदि सरकार छात्रों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का भरोसा देती है, तो वह आज ही अपना अनशन समाप्त करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि अनशन को 25 दिन हो चुके हैं और कई सांसद उनसे मिलकर भूख हड़ताल खत्म करने की अपील कर चुके हैं।

सरकार से भरोसे की मांग

वीडियो संदेश में वांगचुक ने कहा कि उनका उद्देश्य छात्रों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन देती है, तो वह अनशन समाप्त करने पर विचार करेंगे।

Sonam Wangchuk: जेपी नड्डा बोले- बातचीत के लिए तैयार है सरकार

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार ने CJP प्रतिनिधियों की बातें सुनी हैं और बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि सोनम वांगचुक ने उन्हें एक खुला पत्र लिखा है, जिसका सरकार जवाब देगी। नड्डा ने यह भी कहा कि उन्होंने अस्पताल जाकर वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील की है।

Sonam Wangchuk: CJP ने न्यूट्रल जगह पर बातचीत की रखी शर्त

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि संगठन सरकार से बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन बैठक किसी मंत्री के घर या कार्यालय के बजाय किसी तटस्थ स्थान पर होनी चाहिए। उनका कहना था कि जनता के मुद्दों पर चर्चा जनता के बीच होनी चाहिए।

हाईकोर्ट ने CCTV फुटेज सुरक्षित रखने का दिया निर्देश

दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ कथित मारपीट से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस को घटना से संबंधित CCTV तथा अन्य वीडियो फुटेज सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। सुनवाई के दौरान अदालत ने उस दलील पर भी सवाल उठाया, जिसमें याचिकाओं को केवल प्रचार पाने के उद्देश्य से दायर बताया गया था।

विपक्षी सांसदों को अस्पताल में नहीं मिली अनुमति

सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे विपक्षी सांसदों को मेदांता अस्पताल के बाहर पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने कहा कि अस्पताल में केवल परिवार के सदस्यों को ही मिलने की अनुमति है। इसके बाद कई सांसद अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। इससे पहले 55 विपक्षी सांसद भी वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील कर चुके हैं।

सुरक्षा कड़ी, पुलिस ने दर्ज की FIR

प्रदर्शन के मद्देनजर केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां दिल्ली भेजी हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस ने RAF के एक जवान पर कथित हमले और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ के मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा कारणों से बंद किए गए 16 मेट्रो स्टेशन बुधवार शाम फिर से खोल दिए गए।

अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा कि छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई चिंताजनक है। उन्होंने लिखा कि यदि किसी मंत्री की जवाबदेही तय होती है तो उसका इस्तीफा सरकार को कमजोर नहीं करेगा, बल्कि शासन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाएगा।

शिक्षा मंत्री ने दोहराई बातचीत की बात

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर कहा कि सरकार NEET सहित शिक्षा से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि युवाओं की हर जायज चिंता का समाधान संवाद, सुधार और जवाबदेही के माध्यम से किया जाएगा।

यह भी पढे़ : CJP का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक, फाउंडर अभिजीत दीपके ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप