Home » राष्ट्रीय » सोनम वांगचुक मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं पत्नी, हाई कोर्ट के आदेश को देंगी चुनौती

सोनम वांगचुक मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं पत्नी, हाई कोर्ट के आदेश को देंगी चुनौती

Sonam Wangchuk: वांगचुक मामले में SC पहुंचीं पत्नी

Sonam Wangchuk: शिक्षाविद सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से निजी अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग खारिज होने के बाद अब मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश (CJI) से मामले की तत्काल सुनवाई, विशेष रूप से सोमवार को सुनवाई सूची में शामिल करने का अनुरोध किया है।

हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका

दिल्ली हाई कोर्ट ने रविवार को डॉ. गीतांजलि आंग्मो की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से किसी निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग की गई थी। हाई कोर्ट के आदेश के बाद अब उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। याचिका में अस्पताल बदलने की अनुमति और मामले पर तत्काल सुनवाई की मांग की गई है।

Sonam Wangchuk: पत्नी ने स्वास्थ्य को लेकर उठाए सवाल

डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने दावा किया कि सोनम वांगचुक की तबीयत उतनी खराब नहीं थी, जितना प्रशासन द्वारा बताया जा रहा है। उनके अनुसार, अस्पताल ले जाने से पहले जारी मेडिकल रिपोर्ट में पोटैशियम स्तर 4.3 था और अन्य स्वास्थ्य पैरामीटर भी सामान्य थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने स्वास्थ्य का हवाला देकर उन्हें जबरन अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस कार्रवाई पर जताई आपत्ति

वांगचुक की पत्नी ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में स्वास्थ्य की चिंता थी तो परिवार को पहले सूचित किया जाना चाहिए था और मेडिकल जांच के बाद सहमति से अस्पताल ले जाया जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि सादे कपड़ों में पुलिस भेजकर जिस तरह से वांगचुक को स्ट्रेचर पर ले जाया गया, वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुरूप नहीं था।

Sonam Wangchuk: मार्च रोकने के लिए की गई कार्रवाई- पत्नी

डॉ. गीतांजलि आंग्मो का आरोप है कि सरकार को सोनम वांगचुक के प्रस्तावित मार्च से राजनीतिक चिंता थी। उनका कहना है कि प्रशासन को आशंका थी कि यदि वांगचुक मार्च में शामिल होते तो बड़ी संख्या में लोग उनके समर्थन में जुट जाते। उन्होंने कहा कि अब इस कार्रवाई के बाद लोगों का समर्थन और अधिक बढ़ेगा तथा आंदोलन को नई ऊर्जा मिलेगी।

ये भी पढ़ें…जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से भारी तबाही, 11 लोगों की मौत; अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा पर रोक