SRH vs RR: राजस्थान रॉयल्स को इस सीजन की पहली हार का स्वाद चखना पड़ा। SRH ने इस सीजन की अजेय टीम RR को मात देते हुए सोमवार को राजीव गांधी स्टेडियम में अपनी जीत सुनिश्चित की। सनराइजर्स हैदराबाद ने दो डेब्यूटेंट पेसर: प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन (4-4 विकेट) के शानदार प्रदर्शन के दम पर 57 रनों से यह मैच अपने नाम किया।

प्रफुल्ल हिंगे ने पहले ही ओवर में रचा इतिहास, झटके 3 विकेट
राजीव गांधी स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। हैदराबाद ने घरेलू मैदान पर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 216/6 का स्कोर बनाया। ईशान किशन ने कप्तानी पारी खेलते हुए 44 गेंदों में 91 रन जड़े। वहीं हेनरिक क्लासेन (40) और नीतीश रेड्डी (28) ने भी अहम भूमिका निभाई।
मैच का रुख तब बदला जब RR बल्लेबाजी करने आई और SRH ने अपनी उम्दा बॉलिंग अटैक से सबको अचंभित कर दिया। शुरुआती तीन ओवर में RR केवल 9 रन बना पाई और 5 विकेट खो दिए। मैच के पहले ओवर में ही डेब्यूटेंट प्रफुल्ल हिंगे ने ओवर की दूसरी, चौथी और छठी गेंद पर विकेट प्राप्त कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। जायसवाल (1), सूर्यवंशी (0), जुरेल (0), कप्तान पराग (4) सभी फ्लॉप रहे। प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने 4-4 विकेट लेकर मैच को SRH की झोली में डाल दिया।

आखिर कौन हैं RR को पहली हार का स्वाद चखाने वाले दो नए डेब्यूटेंट्स – प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन?
SRH vs RR: प्रफुल्ल हिंगे – संघर्ष से रिकॉर्ड तक का सफर
नागपुर के विदर्भ के 24 वर्षीय तेज गेंदबाज अपनी शानदार बॉलिंग के लिए जाने जाते हैं। पिता के कहने पर उन्होंने तेज गेंदबाजी शुरू की। शुरुआत में उन्हें अपने अवैध एक्शन की वजह से ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा, लेकिन अपनी कमियों पर काम कर उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने डेब्यू मैच में अपने नाम दर्ज किया। SRH ने उन्हें केवल 30 लाख रुपये में खरीदा था। यह उनका दूसरा T-20 मैच था, लेकिन वह विदर्भ के लिए 10 फर्स्ट-क्लास और 6 लिस्ट-A मैच खेल चुके हैं।

साकिब हुसैन: सपनों से स्पीड तक का सफर
21 वर्षीय साकिब हुसैन बिहार के गोपालगंज से आते हैं और अपनी आक्रामक बॉलिंग स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। उनकी 145 किमी/घंटे की गेंद की रफ्तार उन्हें खास बनाती है। शुरुआती दिनों में उनके पास जूते खरीदने के भी पैसे नहीं थे। स्टेडियम में अन्य खिलाड़ियों को देखकर उन्होंने क्रिकेट खेलना सीखा। वर्ष 2021 में “बिहार क्रिकेट लीग” उनके करियर का टर्निंग पॉइंट बना। इनका सपना पहले आर्मी में भर्ती होना था।
Written by – Saloni Bhardwaj
ये भी पढ़ें…वृंदावन में कार टक्कर के बाद बवाल, थाने में महिला का आधी रात वीडियो वायरल, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल








