Sultanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लोहरामऊ मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के ट्रॉमा केंद्र रेफर किया गया है।
मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा
घटना देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के अहलादपुर पुल के पास हुई। जानकारी के अनुसार अमित कुमार उर्फ राममूरत, धर्मराज और विजय बहादुर एक ही बाइक पर सवार होकर लोहरामऊ मंदिर से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
Sultanpur Road Accident: दो की मौत, एक की हालत नाजुक
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान अमित कुमार और धर्मराज ने दम तोड़ दिया। वहीं 28 वर्षीय विजय बहादुर की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे लखनऊ के ट्रॉमा केंद्र रेफर कर दिया है, जहां उसका उपचार जारी है।
चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें… गाजियाबाद सूर्या चौहान हत्याकांड में नया खुलासा, पुलिस जांच में सामने आई पिता की कथित भूमिका








