Up news: गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान एक नया मोड़ सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी असद को हत्या के लिए उसके पिता नवाब ने कथित तौर पर उकसाया था। जांच में यह बात सामने आई है कि नवाब को अपने बेटे की सूर्या चौहान से दोस्ती पसंद नहीं थी और वह लंबे समय से इस रिश्ते को लेकर नाराज था। पुलिस का दावा है कि नवाब लगातार असद के मन में सूर्या के प्रति नकारात्मक भावनाएं भरता रहा। धीरे-धीरे यह नाराजगी गहरी होती गई और आखिरकार असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या की हत्या की साजिश रच डाली। इस मामले में नवाब को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
बकरीद के दिन हुआ था हमला
खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में रहने वाले 17 वर्षीय सूर्या चौहान पर 28 मई को बकरीद के दिन हमला किया गया था। आरोप है कि असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या को कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया और फिर उस पर चाकुओं से कई वार किए। परिजनों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद सूर्या अपनी जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर दोबारा हमला किया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
Up news: हत्या के बाद भड़का था लोगों का गुस्सा
सूर्या की मौत के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों और कई हिंदू संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिनमें से तीन को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि मुख्य आरोपी असद पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी तलाश में पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
Up news: पुलिस मुठभेड़ में मारा गया असद
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि असद अपने साथियों से मिलने और फरार होने की तैयारी के लिए पैसे लेने खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है। इसके बाद खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके में घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान असद ने अपने साथी के साथ बाइक पर पहुंचकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में असद गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। मौके से हथियार और बाइक बरामद की गई है।
डीसीपी ने क्या कहा?
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि सूर्या चौहान हत्याकांड में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार था। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की, जिसके दौरान मुठभेड़ हुई और असद की मौत हो गई।
परिवार की मांग- बाकी आरोपियों पर भी हो सख्त कार्रवाई
Up news: असद की मौत के बाद सूर्या की मां ने कहा कि उन्हें आंशिक रूप से न्याय मिला है, लेकिन मामले में शामिल बाकी आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सभी आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही जांच इस दिशा में भी आगे बढ़ रही है कि हत्या की साजिश में नवाब की भूमिका कितनी गहरी थी और उसने असद को किस तरह प्रभावित किया।
ये भी पढ़ें: BA की डिग्री के लिए जेल में करेगा इंटर्नशिप! सजा काट रहे कैदी पर गुजरात हाईकोर्ट की टिप्पणी








