Breaking News
Home » राष्ट्रीय » कांग्रेस से दोस्ती, अखिलेश पर वार… स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा- समाजवाद पर दाग लगा दिया

कांग्रेस से दोस्ती, अखिलेश पर वार… स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा- समाजवाद पर दाग लगा दिया

Swami Prasad Maurya:

Swami Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर बड़ा बयान दिया है। अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौर्य ने साफ किया कि उनकी पार्टी का कांग्रेस में विलय नहीं होगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के साथ सिर्फ इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनने को लेकर बातचीत हुई है। वहीं, मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर समाजवाद को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

Swami Prasad Maurya: कांग्रेस में विलय नहीं, इंडिया गठबंधन में शामिल होने की बातचीत-

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी को खत्म करने या कांग्रेस में विलय करने का कोई सवाल नहीं है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के साथ उनकी पहली औपचारिक बातचीत हुई है, जिसमें उन्होंने इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनकर साथ संघर्ष करने की इच्छा जताई। मौर्य के मुताबिक, राहुल गांधी ने उनका स्वागत किया और गठबंधन के अन्य नेताओं से बातचीत करने की बात कही। अब आगे गठबंधन के स्वरूप और सीट बंटवारे को लेकर चर्चा होगी।

Swami Prasad Maurya: अखिलेश यादव पर साधा निशाना-

इंडिया गठबंधन में समाजवादी पार्टी की भूमिका को लेकर सवाल पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने समाजवाद पर दाग लगाया है। मौर्य ने कहा कि किसी उद्योगपति को राज्यसभा भेजना समाजवाद पर बड़ा दाग है। उन्होंने दावा किया कि ऐसा पहले कभी देखने को नहीं मिला, जैसा अखिलेश यादव ने किया है।

राहुल गांधी को बताया भविष्य का प्रमुख चेहरा-

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में सक्रिय भूमिका निभा रही है और उनका उद्देश्य देश में एक नया राजनीतिक विकल्प खड़ा करना है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी के नेतृत्व में यह विकल्प संभव हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है और केंद्र में बीजेपी के विकल्प के तौर पर उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस के लिए उत्तर प्रदेश में सीटों की संख्या तय करने पर कोई टिप्पणी नहीं की।

सीट बंटवारे पर बोले- सभी दल मिलकर करेंगे फैसला-

कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश में 150 से ज्यादा सीटों की मांग किए जाने के सवाल पर मौर्य ने कहा कि अभी उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है, इसलिए सीट बंटवारे पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल सभी दलों को मिल-बैठकर सीटों के बंटवारे और भविष्य के स्वरूप पर फैसला करना चाहिए।

अखिलेश को CM चेहरा बनाए जाने पर भी सवाल-

उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को इंडिया गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा बनाए जाने के सवाल पर भी स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि किसी को पहले से मुख्यमंत्री घोषित करने का अंतिम अधिकार राजनीतिक दलों के पास नहीं, बल्कि जनता के पास है। मौर्य ने कहा कि सरकार किसकी बनेगी और किसे कितना बहुमत मिलेगा, इसका फैसला चुनाव के दौरान जनता करेगी। लोकतंत्र में विश्वास करने वाले लोगों को जनता के जनादेश का इंतजार करना चाहिए।

चुनाव परिणाम पर जनता का फैसला अंतिम-

स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग चुनाव परिणाम को लेकर पहले से गारंटी देते हैं, वे अलग बात है। उनकी पार्टी लोकतंत्र और जनता के फैसले में विश्वास करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार का अंतिम फैसला चुनाव के बाद जनता के जनादेश से ही होगा।

यह भी पढ़े- ‘एक कचौड़ी, दो समोसा’ से बदलती राजनीतिक भाषा तक, Gen Z के बीच क्यों वायरल हो रहे नए सियासी नारे?