Tamil Nadu News: तमिलनाडु के विलुप्पुरम जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ शराब की लत ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। मामूली घरेलू विवाद के दौरान नशे में धुत एक पिता ने अपनी ही बेटी के साथ ऐसी हैवानियत की, कि उसकी जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों के बीच गुस्सा भी देखने को मिल रहा है।घटना विलुप्पुरम जिले के कंडमानडी गांव की बताई जा रही है। यहां रहने वाला बाबू नामक व्यक्ति शराब पीने का आदी था। परिजनों के अनुसार, वह अक्सर शराब के नशे में घर आकर झगड़ा करता था। 17 दिसंबर की शाम भी बाबू नशे की हालत में घर पहुंचा और उसने अपनी बेटी वैष्णवी से खाना मांगा।
Tamil Nadu News: खाना न बनने पर शुरू हुआ विवाद
बेटी वैष्णवी ने अपने पिता से कहा कि उसने अभी तक खाना नहीं बनाया है। यह बात बाबू को नागवार गुज़री और वह गुस्से में आ गया। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। नशे में बाबू ने बेटी को अपशब्द कहे और उसके बाल पकड़कर बेरहमी से उसका सिर दीवार पर दे मारा।
Tamil Nadu News: गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती इलाज के दौरान तोड़ा दम
जोरदार चोट लगने से वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे प्राथमिक इलाज के बाद पुडुचेरी स्थित जिपमर (JIPMER) अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए उसे गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया।कई दिनों तक वैष्णवी ज़िंदगी और मौत से जूझती रही, लेकिन अंततः इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही विलुप्पुरम तालुक पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता बाबू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती शराब की लत और उससे होने वाली घरेलू हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव के लोगों का कहना है कि अगर समय रहते नशे की आदत पर रोक लगाई जाती, तो शायद एक मासूम बेटी की जान बच सकती थी।यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी है कि शराब के नशे में लिया गया एक गलत फैसला कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकता है।
ये भी पढ़े: हरदोई थाने में सरेआम हत्याकांड: पति ने पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतारा








