Thar accident in Ranchi: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित थार एसयूवी ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में 40 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
समारोह से लौट रहे थे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साउथ रेलवे कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक गृह प्रवेश समारोह से भोजन कर कुछ लोग बाहर निकले थे और सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन की ओर से तेज गति से आई थार ने नियंत्रण खो दिया और लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई चश्मदीदों का कहना है कि वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
Thar accident in Ranchi: घायलों का अस्पताल में इलाज
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके पुत्र कुणाल नायडू (26), संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं। अन्नपूर्णा और कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
इलाज के दौरान धर्मेंद्र की मौत
गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। वह एक निजी कंपनी में मोबाइल टावर इंस्टॉलेशन से जुड़े कार्य में लगे थे।
Thar accident in Ranchi: आरोपी चालक फरार, तलाश जारी
हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए देर रात से छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन डोरंडा की दिशा में भागा। चुटिया थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। स्टेशन रोड, नेपाल हाउस और अन्य प्रमुख मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है। शहर में वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया है।
हाल के दिनों में दूसरी घटना
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी रांची में एक तेज रफ्तार एसयूवी ने कई लोगों को टक्कर मारी थी। उस मामले में पुलिस को वाहन रोकने के लिए फायरिंग करनी पड़ी थी। ताजा घटना के बाद कॉलोनी में शोक और आक्रोश का माहौल है।
ये भी पढ़े… ‘लाल किला ब्लास्ट में जैश का नाम’ UNSC रिपोर्ट में, पाकिस्तान भड़का – जानें क्या कहा







