Home » उत्तर प्रदेश » अखिलेश की ‘पीडीए रथ यात्रा’ की तैयारी, अयोध्या-काशी-मथुरा में किसी एक से हो सकती है शुरुआत

अखिलेश की ‘पीडीए रथ यात्रा’ की तैयारी, अयोध्या-काशी-मथुरा में किसी एक से हो सकती है शुरुआत

 UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सितंबर 2026 में ‘समाजवादी पीडीए रथ यात्रा’ निकालने की तैयारी में हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार यात्रा की शुरुआत अयोध्या, काशी या मथुरा जैसे किसी प्रमुख धार्मिक स्थल से किए जाने पर मंथन चल रहा है। हालांकि, अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है।

1990 की रथ यात्रा से जोड़कर हो रही चर्चा

सूत्रों का कहना है कि यात्रा सितंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो सकती है। इसकी टाइमिंग को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं, क्योंकि 25 सितंबर 1990 को निकली राम रथ यात्रा भारतीय राजनीति की अहम घटनाओं में गिनी जाती है। ऐसे में अखिलेश की प्रस्तावित यात्रा को 36 साल पुराने राजनीतिक इतिहास से जोड़कर देखा जा रहा है।

 UP Election 2027: भाजपा को घेरने की रणनीति

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, धार्मिक स्थल से यात्रा शुरू कर समाजवादी पार्टी राम मंदिर चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों पर भाजपा को घेरने की रणनीति बना रही है। हालांकि, यात्रा की तारीख, रूट और शुरुआती स्थल को लेकर अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

योगी के बयान के बीच बढ़ी सियासी हलचल

यह चर्चा ऐसे समय में सामने आई है, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कुशीनगर की एक सभा में समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा था कि जो लोग मंदिरों की उपेक्षा करते थे, वे अयोध्या, मथुरा और काशी के विकास की बात नहीं कर सकते। उन्होंने आरोप लगाया था कि पिछली सरकारों में मंदिरों के धन का दुरुपयोग हुआ, जबकि वर्तमान सरकार मंदिरों के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य कर रही है।

 UP Election 2027: चुनावी मुकाबले की नई बिसात

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि रथ यात्रा किसी प्रमुख धार्मिक नगरी से शुरू होती है तो यह 2027 के चुनाव से पहले सपा की बड़ी राजनीतिक रणनीति साबित हो सकती है। वहीं भाजपा भी इसे अपने राजनीतिक एजेंडे के मुकाबले नई चुनौती के रूप में देख रही है।

ये भी पढ़े… IRCTC 2.0 लॉन्च: अब सेकेंडों में बुक होगी टिकट, कैप्चा और पॉप-अप का झंझट खत्म