UP News: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के डॉ भीमराव आंबेडकर प्रेक्षागृह, लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया और प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों को जीत का मंत्र दिया। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार अंगद के पांव की तरह है, जिसको कोई हिला नहीं सकता।
प्रचंड बहुमत के साथ बनने जा रही सरकार
यूपी में फिर से एक बार प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है और इसमें कार्यकर्ताओं को किसी दुविधा में रहने की आवश्यकता नहीं है। शाह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उन्हें अर्जुन की तरह सिर्फ चिड़िया की आंख दिखाई पड़नी चाहिए, क्योंकि अब समय तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश पटेल, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र चौधरी, महेंद्र पांडेय, सूर्य प्रताप शाही, डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, विनय कटियार, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा, प्रदीप वर्मा सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
UP News: अखिलेश को जनता माफ नहीं करेंगी
वंदे मातरम के पूर्ण सामूहिक गान के साथ बैठक प्रारंभ हुई। यूपी भाजपा की नई प्रदेश कार्यसमिति गठित होने के बाद यह पहली कार्यसमिति बैठक थी। अमित शाह ने कहा कि आज 30 अक्टूबर है और आज ही के दिन 1990 में सपा सरकार ने राम भक्तों पर अंधाधुंध गोलियां चलाकर नरसंहार किया था और कारसेवकों को मौत के घाट उतारकर, उनका संस्कार भी न करके सरयू में बहा दिया था। सपा ने जहां रामभक्तों का नरसंहार किया, वहीं भारतीय जनता पार्टी ने प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। अखिलेश यादव, उत्तर प्रदेश की जनता इसके लिए आपको माफ नहीं करेगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री बनने का विक्रम अगर किसी के नाम पर है तो वह हमारे नेता नरेंद्र मोदी के नाम पर है।
यूपी में भाजपा सरकार अंगद का पैर है, इसको कोई नहीं हटा सकता। और फिर से एक बार प्रचण्ड बहुमत के साथ यहां पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है: माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी https://t.co/vOk4zAg4bi
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 30, 2026
एसआईआर पर चर्चा के लिए तैयार
संसद में भारतीय जनता पार्टी की 240 सीटें हैं, जबकि 2014, 2019 और 2024 कांग्रेस का तीनों चुनावों का कुल योग भी 240 नहीं होता। जिस भारतीय जनता पार्टी की कभी दो सीटें थीं, वह आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने और एनडीए की 22 राज्यों में सरकारें बनीं। विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा और अखिलेश यादव मैच हारने के बाद ज्यादा प्रैक्टिस करने की जगह अंपायर पर ही आरोप लगाना शुरू कर देते हैं। भारतीय जनता पार्टी संसद में एसआईआर पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। राहुल बाबा, एक बार आ जाइए, स्पेशल संसद सत्र बुला लेते हैं लेकिन राहुल बाबा को तो झूठ फैलाना है, इसलिए वे संसद को चलने नहीं देना चाहते।
UP News: पश्चिम बंगाल में हुआ ममता दीदी का सूपड़ा साफ
विपक्ष संसद में बोलना ही नहीं चाहता, संसद चलने नहीं देता और बाहर मॉक पार्लियामेंट का आयोजन कर संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अखिलेश बाबू को परिणाम सुन लेने चाहिए—हरियाणा और महाराष्ट्र में सर्वाधिक सीटें, बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री, दिल्ली में तीन दशक बाद भाजपा की सरकार, असम में हैट्रिक और पश्चिम बंगाल में ममता दीदी का सूपड़ा साफ। अब उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की बारी है। विपक्ष अखिलेश और राहुल बाबा के नेतृत्व में आने के बाद भी यूपी में एक भी चुनाव नहीं जीत सके। जिनका अपने बूते पर एक भी चुनाव जीतने का रिकॉर्ड नहीं है, वे भारतीय जनता पार्टी को चैलेंज कर रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अगले 30 साल देशभर में भारतीय जनता पार्टी की सरकार चुनकर आने वाली हैं।
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद डकैती, लूट, रंगदारी और दंगों में बहुत बड़ी कमी आई है। एक समय अपराध के कारण उत्तर प्रदेश का इन्वेस्टमेंट समिट दिल्ली जाकर करना पड़ता था, जबकि आज योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में ही इन्वेस्टमेंट समिट हो रही है और लाखों करोड़ का निवेश भी यूपी में आ रहा है। उत्तर प्रदेश में लॉ-एंड-ऑर्डर सुधरने के कारण निवेश आया, निवेश के कारण रोजगार आया और रोजगार के कारण प्रदेश से पलायन रुका। आज देश के इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्यात का लगभग 7 प्रतिशत उत्तर प्रदेश से होता है और अकेले डिफेंस कॉरिडोर में यूपी में 35,000 करोड़ का निवेश आया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि सपा-बसपा के सारे कार्यकाल मिला दिए जाएं, तब भी पिछले 10 साल में भारतीय जनता पार्टी का काम सपा-बसपा के कार्यकाल में हुए कामों से लगभग 200 प्रतिशत ज्यादा है।
ये भी पढ़े… नशामुक्त भारत से बनेगा विकसित देश? 370 हटाया, नक्सलवाद खत्म किया… अब अमित शाह का अगला लक्ष्य क्या है?








