Home » उत्तर प्रदेश » आग में झुलसी दुल्हन, अस्पताल के बर्न वार्ड में हुई शादी… कानपुर की इस प्रेम कहानी ने सबको रुला दिया

आग में झुलसी दुल्हन, अस्पताल के बर्न वार्ड में हुई शादी… कानपुर की इस प्रेम कहानी ने सबको रुला दिया

Up news: कानपुर के घाटमपुर से एक ऐसी शादी की कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां कुछ ही देर में दर्द और चीखों का माहौल बन गया। लेकिन इसी मुश्किल घड़ी में दूल्हे ने ऐसा फैसला लिया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया।

मेहंदी की रस्म के बीच हुआ बड़ा हादसा

घाटमपुर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी जगदीश की बेटी श्वेता की शादी गुरुवार को होनी थी। शादी से पहले घर में मेहंदी और अन्य रस्में चल रही थीं। रिश्तेदारों से घर भरा हुआ था और हर तरफ खुशियों का माहौल था। इसी दौरान खाना बनाते समय गैस सिलेंडर की पाइप में रिसाव हो गया। देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग बुझाने की कोशिश में गर्म तेल से भरी कढ़ाई पलट गई और वहां मौजूद कई लोग उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में दुल्हन श्वेता समेत करीब 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद श्वेता को गंभीर हालत में कानपुर के जाजमऊ स्थित मिशिका अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Up news: परिवार को लगा टूट जाएगा रिश्ता

हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार को लगने लगा कि अब शादी टालनी पड़ेगी। लेकिन तभी दूल्हे विकास सिंह ने ऐसा कदम उठाया, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। जैसे ही विकास को हादसे की जानकारी मिली, वह सीधे अस्पताल पहुंच गया। बर्न वार्ड में दर्द से जूझ रही श्वेता को देखकर वह खुद भी भावुक हो गया। परिवार वालों ने कहा कि श्वेता के ठीक होने के बाद शादी कर ली जाएगी, लेकिन विकास ने साफ कह दिया कि वह हर हाल में श्वेता का साथ निभाएगा।

Up news: बर्न वार्ड बना मंडप, अस्पताल में लिए सात फेरे

दोनों परिवारों और अस्पताल प्रशासन की सहमति के बाद अस्पताल के बर्न वार्ड में ही शादी कराने का फैसला लिया गया। कुछ ही देर में अस्पताल का कमरा मंडप में बदल गया। एक तरफ मशीनों की आवाजें थीं, दूसरी तरफ मंत्रोच्चार गूंज रहा था। दुल्हन अस्पताल के बेड पर थी और दूल्हा शादी के जोड़े में उसके सामने खड़ा था। भावुक माहौल के बीच विकास ने कांपते हाथों से श्वेता की मांग में सिंदूर भरा और उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया। वहां मौजूद डॉक्टर, नर्स और रिश्तेदार भी इस पल को देखकर खुद को भावुक होने से नहीं रोक सके।

“हर हाल में साथ निभाऊंगा”

Up news: शादी के बाद विकास ने कहा, “मैंने श्वेता का हाथ जिंदगीभर साथ निभाने के लिए थामा है। परिस्थितियां कैसी भी हों, मैं उसे कभी अकेला नहीं छोड़ूंगा।” अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, श्वेता की हालत अब पहले से बेहतर है और जल्द ही उसे डिस्चार्ज किया जा सकता है। परिवार ने तय किया है कि उसके पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद बाकी रस्में धूमधाम से पूरी की जाएंगी। कानपुर के घाटमपुर की यह कहानी अब सिर्फ एक शादी की खबर नहीं, बल्कि सच्चे प्यार, भरोसे और रिश्तों की मिसाल बन गई है।

 

 

ये भी पढ़े:  पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, 5 की मौत

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments