Up accident: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। आजमगढ़ और जालौन में हुए भीषण एक्सीडेंट में कुल 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दोनों हादसों में तेज रफ्तार कार हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कंटेनर में घुसी कार, 5 लोगों की मौत
आजमगढ़ जिले के थाना कंधरापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 238 के पास तेज रफ्तार कार सामने चल रहे कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम भी लग गया। पुलिस शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह मान रही है।
Up accident: जालौन में पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलटी कार, 2 की मौत
वहीं जालौन जिले में भी देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कोतवाली क्षेत्र के जालौन-औरैया रोड पर कन्हैयाल अग्रवाल मेमोरियल स्कूल के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर गहरे गड्ढे में गिरकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में मदद की। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
Up accident: प्रदेश में लगातार बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कई लोगों की जान ले रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।








