Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » लखनऊ में फर्जी IPS का खुलासा, 40 रुपये के बन-मक्खन के लिए दुकान पर मचाया हंगामा, कहा- ‘भैया नहीं, सर होता है… सैल्यूट करो’

लखनऊ में फर्जी IPS का खुलासा, 40 रुपये के बन-मक्खन के लिए दुकान पर मचाया हंगामा, कहा- ‘भैया नहीं, सर होता है… सैल्यूट करो’

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां खुद को आईपीएस अधिकारी बताने वाले एक युवक ने दुकान से 40 रुपये का बन-मक्खन लिया, लेकिन भुगतान करने से इनकार कर दिया। जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो युवक ने खुद को नोएडा में तैनात आईपीएस अधिकारी बताते हुए रकम देने से मना कर दिया।

गोल मार्केट की घटना 

घटना महानगर थाना क्षेत्र स्थित गोल मार्केट की बताई जा रही है। दुकानदार और युवक के बीच विवाद बढ़ने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी युवक खुद को आईपीएस अधिकारी बताता रहा और पैसे देने में आनाकानी करता रहा। बताया जा रहा है कि युवक ने पुलिसकर्मियों पर उसे सैल्यूट करने का दबाव भी बनाया। हालांकि पुलिसकर्मियों ने स्पष्ट कहा कि सैल्यूट केवल वर्दीधारी अधिकारियों को ही किया जाता है।

UP News: नहीं दिखा सका कोई दस्तावेज

पुलिस ने जब युवक से पहचान पत्र और सरकारी दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह कोई वैध आईडी प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान वह टालमटोल करता रहा और कहता रहा कि वह अगले दिन सुबह दस्तावेज दिखा देगा। युवक का व्यवहार संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच में युवक की पहचान मिथिलेश शुक्ला के रूप में हुई है। चौकी प्रभारी की तहरीर पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। बाद में पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। वीडियो में युवक खुद को अधिकारी बताते हुए पुलिसकर्मियों से बहस करता नजर आ रहा है। पुलिस, फिलहाल मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक वास्तव में किसी सरकारी सेवा से जुड़ा है या फिर फर्जी पहचान के जरिए लोगों को गुमराह कर रहा था।

ये भी पढ़े… ‘आपके विचार बहुत प्रेरक और मूल्यवान वाले…’ स्लोवाक राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद बोले PM मोदी