Up news: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बकेवर थाना क्षेत्र में लापता हुए युवक विजय निषाद की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या उसकी प्रेमिका और उसके पति ने मिलकर की थी। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने के तरीके आरोपियों ने यूट्यूब वीडियो देखकर सीखे थे।
8 मई से लापता था विजय निषाद
पुलिस के अनुसार ग्राम टिकरा निवासी विजय निषाद 8 मई 2026 को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विजय के गांव की ही किरन देवी से प्रेम संबंध थे। इसी आधार पर पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की और आखिरकार पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
Up news: प्रेम संबंध से नाराज था पति
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि किरन देवी और विजय निषाद के बीच कई महीनों से प्रेम संबंध चल रहे थे। इस रिश्ते की जानकारी होने पर किरन का पति कामता प्रसाद निषाद काफी नाराज था। दोनों ने मिलकर विजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत किरन देवी ने विजय को बहाने से हमीरपुर स्थित अपने घर बुलाया। वहां पहले से मौजूद कामता प्रसाद ने दरवाजे की चौखट से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
Up news: शव को ठिकाने लगाने के लिए की हैवानियत
हत्या के बाद आरोपी शव को छिपाने और पहचान मिटाने की कोशिश में जुट गए। पुलिस के मुताबिक शव को बोरे में भरने में परेशानी होने पर आरोपियों ने आरी और ग्राइंडर की मदद से उसके पैर काट दिए। इसके बाद शव को कानपुर नगर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर जला दिया गया। इतना ही नहीं, पहचान और सबूत मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल फोन, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, जूते और अन्य सामान भी अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए गए।
पुलिस ने बरामद किए अहम साक्ष्य
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव के अवशेष, मोबाइल फोन के जले हुए हिस्से, कपड़ों के टुकड़े, आरी, ग्राइंडर ब्लेड और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
एसपी ने क्या कहा?
Up news: फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले का सफल अनावरण कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्होंने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़े: पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड का खुलासा, खेल करियर की ईर्ष्या बनी हत्या की वजह








