UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहर को एक और महत्वपूर्ण जनसुविधा की सौगात देते हुए नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। लगभग 2 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह मंडपम शहर का आठवां कल्याण मंडपम है। यह वार्ड नंबर 22 के जंगल तुलसीराम क्षेत्र के बिछिया पश्चिम में तैयार किया गया है, जिससे आसपास के हजारों परिवारों को सीधे लाभ मिलेगा।
जीडीए के सहयोग से हुआ निर्माण
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि इस कल्याण मंडपम का निर्माण गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा कराया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि परियोजना के लिए 2 करोड़ रुपये विधायक निधि से तथा 40 लाख रुपये विकास प्राधिकरण निधि से उपलब्ध कराए गए। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयोगी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को कम खर्च में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी सोच के तहत यह मंडपम न्यूनतम उपयोग शुल्क पर आम जनता के लिए उपलब्ध रहेगा, ताकि शादी-विवाह, सामूहिक कार्यक्रम, सामाजिक बैठकों और अन्य आयोजनों को आसानी से संपन्न कराया जा सके।
UP News: हर कोई शीश महल नहीं बनवा सकता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में गोरखपुर से सांसद और फिल्म अभिनेता Ravi Kishan का जिक्र किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि हर व्यक्ति उनकी तरह “शीश महल” नहीं बनवा सकता, इसलिए जनप्रतिनिधियों को अपनी सांसद निधि से भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में योगदान देना चाहिए। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों ने ठहाके लगाए।
पांच और कल्याण मंडपम जल्द बनेंगे
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गोरखपुर में जल्द ही पांच और नए कल्याण मंडपम बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ये सभी मंडपम जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए विधायक निधि से तैयार किए जाएंगे। सरकार की प्राथमिकता है कि शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में ऐसे सामुदायिक भवनों का विस्तार किया जाए, जिससे आम नागरिकों को निजी मैरिज हॉल या महंगे स्थलों पर निर्भर न रहना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे के विकास, शहरी सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। गोरखपुर में पिछले कुछ वर्षों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
UP News: स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
नवनिर्मित कल्याण मंडपम के लोकार्पण से क्षेत्र के निवासियों में उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें छोटे-बड़े कार्यक्रमों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और कम लागत में बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनभागीदारी और पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि गोरखपुर को एक आदर्श शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
Report By: जय प्रकाश
ये भी पढ़े… अपनों के बीच मुख्यमंत्री योगी, जनता दर्शन में सुनीं फरियादें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश






