Home » उत्तर प्रदेश » इटावा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, 3 महीने पहले हुई थी शादी; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

इटावा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, 3 महीने पहले हुई थी शादी; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

Up news: शहर के कोतवाली क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मंगलवार दोपहर महिला का शव फंदे से लटका मिला। ससुराल पक्ष उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।

3 महीने पहले हुई थी शादी

मृतका की पहचान 23 वर्षीय मोना शंखवार के रूप में हुई है। उसकी शादी 10 मार्च 2026 को कोतवाली क्षेत्र के लोधी मोहल्ला निवासी सचिन शंखवार से हुई थी। शादी को अभी महज तीन महीने ही हुए थे।

Up news: अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी

मोना की मौत की सूचना मिलते ही उसके मायके वाले जिला अस्पताल पहुंच गए। वहां मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना मिलने पर कोतवाली और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

ससुर हिरासत में, पति और सास की तलाश

पुलिस ने मृतका के ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मृतका का पति और सास फिलहाल घर से गायब बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Up news: डॉक्टर ने क्या कहा?

जिला अस्पताल के डॉक्टर राहुल बाबू के मुताबिक, परिजन महिला को अस्पताल लेकर आए थे और बताया था कि उसने फांसी लगा ली है। मेडिकल परीक्षण के दौरान महिला के गले पर फंदे जैसे निशान पाए गए। जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका के भाई शिवम ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। शिवम ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को मोना की मौत की सूचना तक नहीं दी गई और जब वे अस्पताल पहुंचे तो वहां बहन का शव मिला।

Up news: कांग्रेस नेता रह चुकी हैं सास

मृतका के भाई ने बताया कि उसकी सास हंसमुखी शंखवार कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रही हैं और वर्ष 2014 में इटावा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

Up news: मोना मूल रूप से आगरा जिले के जैतपुर कला क्षेत्र की रहने वाली थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही मायके में मातम छा गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

ये भी पढ़े: वायुसेना की निगरानी में हुआ NEET UG री-टेस्ट, छात्र बोले- पहले होने चाहिए थे ये इंतजाम