UP News: आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाली एक घटना सामने आई है। ग्वालियर गेट स्थित प्राचीन शाही तालाब में एक युवती के गिरने की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए अपनी जान की परवाह किए बिना तालाब में छलांग लगाकर उसकी जान बचा ली। इस साहसिक बचाव अभियान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग पुलिसकर्मियों की जमकर सराहना कर रहे हैं।
कार्य पूरा कर वापस लौट रहे थे दीपक
जानकारी के अनुसार, थाना फतेहपुर सीकरी में तैनात आरक्षी दीपक सोलंकी और सागर बुधवार शाम एक जांच कार्य पूरा कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शाही तालाब में एक युवती को संकट में देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों पुलिसकर्मियों ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और बिना समय गंवाए तालाब में उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद वीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। काफी प्रयास और सूझबूझ के बाद दोनों आरक्षियों ने युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया।
आगरा में के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में एक लड़की तालाब में डूब रही थी,
तभी @agrapolice के चीता सवार सिपाही
दीपक वहाँ से गुजर रहे थे,
लोगों को शोर मचाता देख दीपक तुरंत तालाब में कूद गए,
और लड़की को बचा लिया,
आगरा पुलिस Commissionr @DeepakKumarIPS ने सिपाही दीपक कुमार को एक… pic.twitter.com/HJaCTcBxOO— ANIL (@AnilYadavmedia1) June 4, 2026
UP News: वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि पुलिसकर्मी समय रहते कार्रवाई नहीं करते तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने आरक्षी दीपक सोलंकी और सागर की बहादुरी, त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदनशीलता की खुलकर प्रशंसा की। वहीं, इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मियों की तत्परता और साहस को देखकर लोग उन्हें रियल हीरो बता रहे हैं। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि ऐसे पुलिसकर्मी समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो संकट की घड़ी में लोगों की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालने से भी पीछे नहीं हटते।
ये भी पढ़े… दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में 21 लोगों की मौत, साध्वी प्राची बोली- ‘दोषियों को मिले सख्त सजा’








